-बीते तीन वर्षों में संस्था ने हजारों महिलाओं तक पहुंचाई सहायता
अयोध्या 5 दिसंबर (आरएनएस )। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल की प्रेरणा से तुलसी नगर पूरे हुसैन अयोध्या में संचालित साड़ी बैंक ने अपने तीन वर्ष सफलतापूर्वक पूर्ण कर लिए। इस अवसर पर साड़ी बैंक संस्थान में कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें साड़ी बैंक की संचालिका ने संस्था के उद्देश्यों तथा उपलब्धियों पर प्रकाश डाला।संचालिका अधिवक्ता डॉ रश्मि ने बताया कि साड़ी बैंक की स्थापना का मुख्य लक्ष्य आर्थिक रूप से कमजोर महिलाओं को सम्मानजनक और अच्छी गुणवत्ता की साडिय़ाँ उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि बीते तीन वर्षों में संस्था ने हजारों महिलाओं तक सहायता पहुँचाई है, जिससे उन्हें सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लेने में आत्मविश्वास मिला है। कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं ने भी साड़ी बैंक की पहल को सराहा और कहा कि यह योजना समाज की जरूरतमंद महिलाओं के लिए वरदान साबित हो रही है। कार्यक्रम के दौरान अनिता पाण्डेय, रीमा यादव, सुनीता वर्मा, रुचि सिंह, निशा, संयुक्ता यादव, राजेश्वरी तिवारी, नमिता श्रीवास्तव, विमलेश, सची सिंह और संगीता आहूजा सहित कई सामाजिक कार्यकर्ता एवं सम्मानित महिलाएँ मौजूद रहीं।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

