-सपा के पूर्व प्रत्याशी फिरोज़ खान गब्बर ने एक दर्जन से अधिक जन जागरूकता रथों को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
सोहावल-अयोध्या 5 दिसंबर (आरएनएस )। बीकापुर विधानसभा क्षेत्र में बचे हुए एस आई आर गणना फार्म भरवाने के लिए आज एक बड़ा जन-जागरूकता अभियान शुरू किया गया। समाजवादी पार्टी के पूर्व प्रत्याशी हाजी फिरोज़ खान उफऱ् गब्बर ने पार्टी कार्यालय से एक दर्जन से अधिक जन-जागरूकता रथों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ये सभी रथ आगामी दिनों में गांव-गांव, मजरा-मजरा पहुंचकर लोगों को एस आई आर प्रक्रिया के महत्व के बारे में जानकारी देंगे और जिन नागरिकों के फार्म अभी शेष हैं। उन्हें फार्म भरने के लिए प्रेरित करेंगे। हाजी फिरोज़ खान ने बताया कि एस आई आर गणना भविष्य की योजनाओं, आरक्षण, संसाधन वितरण और सामाजिक अधिकारों की सुरक्षा से जुड़ी एक बेहद महत्वपूर्ण प्रक्रिया है। इसलिए हर नागरिक का इसमें शामिल होना आवश्यक है। उन्होंने यह भी कहा कि कई लोग जानकारी के अभाव या तकनीकी दिक्कतों की वजह से फार्म नहीं भर पा रहे थे। इसी समस्या को ध्यान में रखते हुए यह अभियान शुरू किया गया है, ताकि कोई भी व्यक्ति वंचित न रह जाए। जन-जागरूकता रथों में एस आई आर से संबंधित जानकारी, अपील, टीम के सहयोगी और आवश्यक दस्तावेजों की सूची भी उपलब्ध कराई गई है। जिससे लोगों को फार्म भरने में आसानी हो। समाजवादी पार्टी के स्थानीय पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और स्वयंसेवकों ने इस अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और इसे जनभागीदारी को मजबूत करने वाला अभियान बताया।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

