देहरादून 5 दिसंबर (आरएनएस)। दून के प्रमुख समाजसेवी और ह्यूमन्स फॉर ह्यूमैनिटी के संस्थापक अनुराग चौहान को भारत में सामुदायिक कल्याण के प्रति उनके उल्लेखनीय कार्यों के लिए भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी द्वारा पैट्रन के रूप में सम्मानित किया गया है। वैश्विक रेड क्रॉस और रेड क्रिसेंट मूवमेंट का हिस्सा भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी ने अनुराग के मिशन के साथ ही अपने मूल्यों निष्पक्षता, करुणा और वंचित समुदायों की सेवा के बीच के सामंजस्य को स्वीकार किया। भारत में यह संस्था राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के मानद नेतृत्व में कार्य करती है। पिछले एक दशक से अधिक समय से अनुराग चौहान ने मासिक धर्म स्वच्छता, सार्वजनिक स्वास्थ्य, सामाजिक कल्याण और समानता आधारित जागरूकता पर काम किया है। दून में शुरू हुई ह्यूमन्स फ़ॉर ह्यूमैनिटी की पहल एक आंदोलन के रूप में ढल चुकी है, जिसका उद्देश्य गलत धारणाओं को दूर करना और ग्रामीण तथा हाशिए पर मौजूद समुदायों में मासिक धर्म स्वच्छता की बेहतर पहुंच सुनिश्चित करना है। उनकी संस्था ने मासिक धर्म स्वास्थ्य को अधिक समावेशी बनाते हुए ट्रांस पुरुषों तक भी अपनी सहायता पहुंचाई है। कोविड-19 लॉकडाउन के दौरान अनुराग के नेतृत्व में संगठन ने बड़ा राहत अभियान चलाया, जिसके तहत लगभग दो वर्षों में 8 हजार परिवारों को पके हुए भोजन और राशन किट उपलब्ध कराई गईं। सम्मान मिलने से खुश अनुराग चौहान ने वॉश प्रोजेक्ट के विस्तार तथा वंचित समुदायों के लिए और अधिक सहयोग सुनिश्चित करने की प्रतिबद्धता दोहराई है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

