देहरादून 5 दिसंबर (आरएनएस)। देहरादून-दिल्ली नेशनल हाईवे सुभाषनगर, चन्द्रबनी, मोहब्बेवाला चौक क्षेत्र में आए दिन लगातार हो रही दुर्घटनाओं और जान माल के नुकसान से आहत क्षेत्रीय निवासियों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को नेशनल हाईवे लोक निर्माण खंड देहरादून के अधिकारियों एवं स्थानीय विधायक विनोद चमोली, एसपी ट्रैफिक लोकजीत सिंह को ज्ञापन दिया। भाजपा के श्यामा प्रसाद मुखर्जी मंडल के अध्यक्ष वासुदेव जखमोला, स्थानीय जनप्रतिनिधि अभिषेक परमार के नेतृत्व में विधायक और अधिकारियों से मिले कार्यकर्ताओं, स्थानीय निवासियों ने इस बात पर नाराजगी जताई कि दिल्ली हाइवे का आशारोड़ी, मोहंड, मोहब्बेवाला क्षेत्र संवेदनशील बना हुआ है। पिछले दो-तीन माह में कई बड़ी दुर्घटनाएं हुई हैं। जिसमें बड़े-बड़े ट्रक या अन्य वाहन चाहरदीवारी तोड़कर लोगों के घरों तक पहुंच गए। आशारोड़ी की ओर अत्यंत तेज गति में आ रहे वाहनों की रफ्तार पर कोई रोक थाम नहीं है। उन्होंने ऐसे हादसों पर रोक लगाने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की। विधायक विनोद चमोली ने भी अधिकारियों से इसे गंभीरता से लेकर समस्या समाधान के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग लोक निर्माण विभाग, ट्रैफिक विभाग, पीडब्ल्यूडी, स्थानीय पुलिस थाना की टीमों का संयुक्त टीम कराने को कहा है। जगह जगह पर दिशा निर्देश बोर्ड, रिफ्लेक्टर्स स्ट्रिप्स, हाइ मस्ट लाइट, बड़े वाहनों की सघन चेकिंग, ओवरलोडिंग व ड्रिंक एंड ड्राइव के चालान की प्रकिया को जल्द अमल में लाने को कहा गया है। मौके पर भगवान सिंह बिष्ट, राजकुमार भास्कर, लक्ष्मी प्रसाद सेमवाल, दीपक नेगी आदि मौजूद रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

