सारंगढ़- बिलाईगढ़ 5दिसंबर 2025(आरएनएस) सेवा सहकारी समिति कोसीर के उप धान खरीदी केंद्र में शनिवार को ऑनलाइन टोकन कटने की समस्या ने किसानों का सब्र तोड़ दिया। तकनीकी गड़बड़ी से परेशान सैकड़ों किसान पहले मंडी के पास कोसीर–सारंगढ़ मार्ग पर चक्का जाम करने बैठ गए। सूचना मिलते ही कोसीर पुलिस मौके पर पहुंची और समझाइश देकर किसानों को केंद्र की ओर भेजा।
इसी दौरान सारंगढ़ विधायक उत्तरी जांगड़े भी किसानों के समर्थन में केंद्र पहुंचीं। उन्होंने कर्मचारियों को तत्काल सभी किसानों के टोकन जारी करने के निर्देश दिए, परंतु कर्मचारियों ने सिस्टम की लिमिट का हवाला देते हुए एक साथ टोकन जारी करने में असमर्थता जताई।
स्थिति और न बिगड़े, इसके लिए विधायक प्रतिनिधि गणपत जांगड़े ने सहकारिता विभाग के अधिकारियों से फोन पर चर्चा की। इसके बाद कर्मचारियों ने टोकन काटने की प्रक्रिया शुरू तो की, लेकिन किसानों का आक्रोश कम नहीं हुआ।
किसानों ने स्पष्ट चेतावनी दी—
“सोमवार तक खरीदी सीमा और ऑनलाइन टोकन लिमिट नहीं बढ़ी, तो बड़ा आंदोलन होगा।”
विधायक उत्तरी जांगड़े ने भी किसानों की मांगों को सही ठहराते हुए कहा कि अगर व्यवस्था नहीं सुधरी तो वे स्वयं किसानों के साथ आंदोलन में उतरेंगी। उन्होंने शासन-प्रशासन की उदासीनता पर नाराजगी जताई और जिला कलेक्टर को पत्र लिखकर ऑफलाइन टोकन, ऑनलाइन सीमा और धान खरीदी कैप बढ़ाने की मांग की है।
किसानों का कहना है कि समस्या जस की तस रही, तो आने वाले दिनों में आंदोलन और भी तीव्र रूप लेगा।

