0-उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने विजेता खिलाडिय़ों को वितरित की पुरस्कार प्रोत्साहन राशि, भविष्य में स्वर्ण पदक जीतने किया प्रोत्साहित
0-छत्तीसगढ़ कबड्डी संघ के पदाधिकारियों के साथ खिलाडिय़ों ने अरूण साव से की मुलाकात
रायपुर, 06 दिसंबर (आरएनएस)। उप मुख्यमंत्री एवं खेल मंत्री श्री अरुण साव से विगत दिनों नवा रायपुर स्थित निवास कार्यालय में कबड्डी प्रतियोगिता में रजत पदक जीतकर प्रदेश का नाम रोशन करने वाली छत्तीसगढ़ की सब जूनियर टीम के खिलाडिय़ों ने सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान श्री साव ने सभी खिलाडिय़ों को शानदार उपलब्धि के लिए बधाई दी। आगे उन्होंने कहा कि हरियाणा में आयोजित 35वीं सब जूनियर नेशनल कबड्डी चैंपियनशिप में सिल्वर मेडल जीतना पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का विषय है। साय सरकार खेल और खिलाडिय़ों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है, जिसका सकारात्मक परिणाम आज राष्ट्रीय स्तर पर देखने को मिल रहा है।
उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने खिलाडिय़ों से आत्मीय चर्चा करते हुए उनके संघर्ष, मेहनत और अनुशासन की सराहना की तथा आगामी प्रतियोगिताओं में गोल्ड मेडल जीतने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर उन्होंने खिलाडिय़ों को प्रोत्साहन स्वरूप ईनाम राशि प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। मुलाकात के दौरान छत्तीसगढ़ राज्य कबड्डी संघ के अध्यक्ष श्री शशिकांत बघेल, कोच आशीष मिश्रा एवं मैनेजर पितांबर सिंह पोर्ते सहित अन्य पदाधिकारियों ने टीम की तैयारियों और प्रदर्शन से संबंधित जानकारी साझा की।
गाौरतलब है कि भारतीय कबड्डी संघ के तत्वावधान में हरियाणा राज्य कबड्डी संघ द्वारा 27 से 30 नवंबर तक आयोजित अंडर-16 राष्ट्रीय कबड्डी स्पर्धा में छत्तीसगढ़ की टीम ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। पुल एफ में शामिल टीम ने लीग मैचों में पांडिचेरी, विदर्भ और तमिलनाडु को बड़े अंतर से पराजित करते हुए क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। इसके बाद साई की टीम और सेमीफाइनल में राजस्थान को रोमांचक मुकाबले में हराकर फाइनल में जगह बनाई। फ ाइनल मुकाबले में हरियाणा से कड़े संघर्ष में हार का सामना करना पड़ा, बावजूद इसके टीम ने रजत पदक जीतकर प्रदेश का मान बढ़ाया। खिलाड़ी चयन और तैयारी के लिए बालकों का कोचिंग कैंप बिलासपुर तथा बालिकाओं का कैंप पेंड्रा में आयोजित किया गया था, जिसका टीम के प्रदर्शन पर सकारात्मक असर देखने को मिला।
स्पर्धा प्रतियोगिता में इन खिलाडिय़ों ने किया शानदार प्रदर्शन
प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ की टीम के नवीन साहू और शिवा खैरवार ने बेहतरीन प्रदर्शन से सबको प्रभावित किया। दोनों खिलाडिय़ों ने लगातार टीम का स्कोर बढ़ाया। टीम के साथी खिलाड़ी भूषण पटेल, बिरजू चौहान, निखिल कुमार, मौलिक कुमार, सुंदरपाल सिंह, प्रेमलाल, सागर देवेंद्र, तुषार देवांगन,श्रीराम मरावी, कुमार जंघेल, दीपक कोल, भुवन भास्कर जगत और विमलेश ने भी शानदार खेल का प्रदर्शन किया।
आर. शर्मा
०००

