बिलासपुर,7 दिसंबर 2025(आरएनएस) अपोलो अस्पताल के मार्ग निर्माण में आ रहे बाधा नल कनेक्शनों को हटाने का काम किया जा रहा है। कनेक्शन शिफ्ट करने के बाद काम प्रारंभ कर जनवरी 2026 को पूरा किया जाएगा।नगर निगम आयुक्त के इस शपथ पत्र पर हाईकोर्ट ने मामले को अगली सुनवाई के लिए 6 फरवरी 2026 को रखने का आदेश दिया है। उल्लेखनीय है कि चीफ जस्टिस रमेश सिन्हा ने अपोलो अस्पताल जाने के मार्ग में अतिक्रमण एवं जर्जर सड़क को संज्ञान में लेते हुए जनहित याचिका के रूप में सुनवाई प्रारंभ की है। कोर्ट ने इस मामले में कहा कि सड़क की हालत इतनी खराब है कि मरीज को लेकर एम्बुलेंस भी समय पर नहीं पहुंच पायेगी। कोर्ट ने मामले में कलेक्टर एवं बिलासपुर निगम आयुक्त को व्यक्तिगत शपथ पत्र प्रस्तुत करने का आदेश दिया। हाईकोर्ट की फटकार के बाद प्रशासन ने अपोलो पहुंच मार्ग से अतिक्रमण हटाने के साथ सड़क चौड़ीकरण का कार्य प्रारंभ किया है।पिछली सुनवाई के दौरान लोक निर्माण विभाग के सचिव ने व्यक्तिगत हलफनामा दाखित करते हुए बताया था कि गांधी चौक से तारबाहर तक सड़क निर्माण का ठेका किशनचंद घनश्यामदास जादवानी को दिया गया है, और यहाँ काम शुरू हो चुका है।चीफ जस्टिस की डिवीजन बेंच में हुई सुनवाई में अदालत के पूछने पर नगर निगम बिलासपुर के अधिवक्ता आशुतोष कछवाहा ने बताया कि, अपोलो रोड पर बड़ी संख्या में नल कनेक्शन पुराने समय से लगे हुए थे। सडक को चौड़ा करने के लिए इन्हें शिफ्ट किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नल कनेक्शन का काम इस माह पूरा कर लिया जाएगा इसके बाद 31 जनवरी तक सड़क का कार्य पूरा किया जाएगा।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

