शिवरीनारायण 7 दिसंबर 2025(आरएनएस) नगर वार्ड में 15 जून को हुई चोरी की घटना को अब छह माह से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन पुलिस प्रशासन आज तक चोरों का सुराग तलाशने में नाकाम साबित हो रहा है। शुरुआती दिनों में जांच टीम सक्रिय दिखाई दी थी, परन्तु समय बीतने के साथ मामला ठंडे बस्ते में दिख रहा है।पीड़ित परिवार के बालकृष्ण उपाध्याय ने बताया कि चोरी के बाद से लगातार पुलिस से संपर्क किया जा रहा है, लेकिन अब तक न तो किसी संदिग्ध की गिरफ्तारी हुई है और न ही चोरी गया सामान बरामद हो सका है। उनका कहना है—“आज छह महीने होने को हैं, लेकिन पुलिस किसी ठोस नतीजे पर नहीं पहुंची। चोर दुरुस्त घूम रहे हैं और पुलिस सुस्त दिखाई दे रही है।”उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पुलिस केवल शराब, गांजा और जुआ से जुड़े मामलों में ही सक्रियता दिखा रही है, जिनमें उन्हें त्वरित लाभ मिलता है, जबकि आम नागरिकों की गंभीर शिकायतें उपेक्षित छोड़ दी जाती हैं।स्थानीय नागरिकों का कहना है कि ऐसी लापरवाही अपराधियों के हौसले बढ़ाती है और आमजन में असुरक्षा की भावना पैदा करती है। लोगों ने पुलिस विभाग से मांग की है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच को तेज किया जाए तथा पीड़ित परिवार को शीघ्र न्याय दिलाया जाए।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

