विकासनगर,07 दिसंबर (आरएनएस)। सहसपुर के शंकरपुर स्टेडियम में आयोजित दो दिवसीय सांसद खेल महोत्सव के दूसरे दिन कबड्डी, खो खो, पिठ्ठू जैसे परंपरागत खेलों के साथ ही एथलेटिक्स प्रतियोगिताएं भी संपन्न कराई गई। प्रतियोगिता में ब्लॉक के कुल चार सौ खिलाडिय़ों ने भाग लिया। राज्यसभा सांसद डॉ. नरेश बंसल ने कहा कि युवाओं में खेल भावना को बढ़ावा देने और ग्रामीण प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से युवा शक्त्ति का उत्सव सांसद खेल महोत्सव के अंतर्गत खेल प्रतियोगिता का किया जा रहा है। प्रतियोगिता में खिलाडिय़ों ने पूरे जोश और प्रतिस्पर्धा के साथ विभिन्न खेलों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। राज्यसभा सांसद डॉ. नरेश बंसल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से आयोजित सांसद खेल महोत्सव जैसी पहल ग्रामीण अंचलों में छिपी खेल प्रतिभाओं को आगे लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है और उन्हें राष्ट्रीय मंच देने के लिए एक सशक्त माध्यम है। खेलों से अनुशासन, टीम भावना और आत्मविश्वास का विकास होता है,जो युवाओं के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक है। साथ ही गांवों के उभरते खिलाडिय़ों को उचित मंच प्रदान करना है। कहा कि अब वह दौर बीत चुका है जब खेलों को समय की बर्बादी समझा जाता था। आज खेल न केवल करियर का एक मजबूत माध्यम बन चुके हैं बल्कि सफलता की नई ऊंचाइयों तक पहुंचने का जरिया भी हैं। खेलो-कूदोगे तो न केवल तंदुरुस्त रहोगे, बल्कि अपने उज्जवल भविष्य की राह भी खुद तय कर सकोगे। राज्यसभा सांसद डॉ.नरेश बंसल ने बताया कि विकासखंड स्तरीय प्रतियोगिता में विजेता खिलाडिय़ों को आगामी जिला स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाडिय़ों को प्रदेश व केंद्र सरकार द्वारा सम्मान और शासकीय सेवाओं में अवसर प्रदान किया जा रहा है, जिससे युवाओं में खेलों के प्रति नया उत्साह उत्पन्न हुआ है। कहा कि साल 2030 में भारत में कॉमनवेल्थ और 2036 में ओलंपिक होने की संभावना है, जिसमें कबड्डी जैसे पारंपरिक खेलों को भी शामिल किए जाने के प्रयास किए जा रहे हैं, जिससे ग्रामीण अंचल के खिलाडिय़ों के लिए अपार संभावनाएं पैदा होंगी। आयोजन समिति ने बताया कि खेल महोत्सव के माध्यम से प्रत्येक ब्लॉक में स्थानीय स्तर के खेलों को बढ़ावा देने और युवाओं को राष्ट्रीय स्तर पर आगे बढऩे का अवसर प्रदान करने का लक्ष्य रखा गया है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

