लखनऊ 10 Dec, (आरएनएस ) बुधवार को नोएडा में एक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा वास्तव में राष्ट्रवादी नहीं, बल्कि राष्ट्रविवादी पार्टी है, जिसके लोग हर स्थान पर विवाद उत्पन्न करने का काम करते हैं।अखिलेश यादव ने कहा कि वंदे मातरम आज़ादी के आंदोलन का प्रेरक गीत रहा है, जिसने स्वतंत्रता संग्राम के दौरान सभी को एक साथ जोड़ा। उनके अनुसार देश को आज़ादी दिलाने वाले महात्मा गांधी, सुभाष चंद्र बोस, भगत सिंह और अन्य क्रांतिकारियों ने वंदे मातरम, इंकलाब जिंदाबाद और जय हिंद जैसे नारों के साथ संघर्ष की राह को मजबूत किया।
अखिलेश यादव ने भाजपा पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी षड्यंत्र के तहत एसआईआर की आड़ में एनआरसी लागू करवाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने दावा किया कि एसआईआर प्रक्रिया में बड़े पैमाने पर गड़बड़ियाँ सामने आ रही हैं और समाजवादी पार्टी तथा पीडीए प्रहरियों से लगातार शिकायतें प्राप्त हो रही हैं। उनके अनुसार उत्तर प्रदेश में लगभग पाँच करोड़ लोगों को दोबारा फार्म भरने की स्थिति पैदा कर दी गई है।उन्होंने आरोप लगाया कि एसआईआर में बीएलओ बिना किसी प्रशिक्षण के काम कर रहे हैं और उन पर अधिकारियों का अनावश्यक दबाव बनाया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा अधिकारी तंत्र के साथ मिलकर समाजवादियों तथा पीडीए वर्ग के मतदाताओं के नाम काटने की रणनीति पर काम कर रही है।
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा ने गरीबों, किसानों और पीडीए वर्ग का शोषण किया है और उन्हें लगातार अपमानित किया है। किसानों को धोखा दिया गया, नौजवानों को रोजगार नहीं मिला और अब इनके वोट काटने की साजिश रची जा रही है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि चुनाव आयोग मैपिंग के नाम पर भाजपा के साथ मिलकर वोट कटवा रहा है। साथ ही उन्होंने दावा किया कि जिस कंपनी ने मैपिंग ऐप बनाया है, उसी ने भाजपा को इलेक्ट्रोरल बांड के माध्यम से बड़े पैमाने पर चंदा दिया था।एक प्रश्न के उत्तर में अखिलेश यादव ने कहा कि किसी के मंदिर जाने के बाद परिसर को गंगाजल से धुलवाना जंगली मानसिकता का प्रतीक है। उन्होंने आरोप लगाया कि महाकुंभ में भगदड़ के दौरान मृत्यु संख्या को छिपाने और मुआवजे के बदले ब्लैकमनी देने वाले लोग वास्तविक रूप से जंगली हैं।उत्तर प्रदेश में घुसपैठियों के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि यदि वास्तव में घुसपैठिए मौजूद हैं, तो भाजपा को इस्तीफा देना चाहिए, क्योंकि केंद्र में 11 वर्षों से और प्रदेश में 9 वर्षों से वही सरकार है। उन्होंने सवाल उठाया कि इतने लंबे समय तक सत्ता में रहने के बावजूद सरकार क्या करती रही।अखिलेश यादव ने अंत में पीडीए समुदाय के लोगों को चेतावनी दी कि यदि उनका वोट नहीं बन पाया तो भाजपा सरकार राशन कार्ड रद्द कर देगी और आरक्षण भी छीन सकती है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा की नीतियों से महँगाई लगातार बढ़ रही है, रुपये का मूल्य घट रहा है और देश की अर्थव्यवस्था बर्बाद हो चुकी है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा पर राष्ट्रवाद के नाम पर विवाद खड़ा करने और समाज को बाँटने का आरोप लगाया
————————

