आजमगढ़ 10 दिसम्बर(आर एन एस) मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गुरुवार को आजमगढ़ दौरे को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह से हाई-अलर्ट मोड पर है। कलेक्ट्रेट से लेकर शहर की सड़कों तक सभी तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। सुरक्षा और व्यवस्थाओं की समीक्षा के लिए प्रशासन और पुलिस दिनभर सक्रिय रहे और सभी संबंधित विभागों को कड़े निर्देश जारी किए गए।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सुबह 10 बजे जनपद पहुंचेंगे और कलेक्ट्रेट सभागार में मंडलीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करेंगे। इस बैठक में आजमगढ़ के अलावा मऊ और बलिया जिले के अधिकारी भी शामिल होंगे। बैठक के बाद मुख्यमंत्री हेलीकॉप्टर द्वारा 11.05 बजे जौनपुर के लिए रवाना होंगे।जिला प्रशासन ने सुरक्षा, यातायात नियंत्रण और सफाई से जुड़ी सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। नगर पालिका की टीमों द्वारा पिछले तीन दिनों से शहर में विशेष साफ-सफाई अभियान चलाया गया। कलेक्ट्रेट परिसर, मार्गों और महत्वपूर्ण स्थानों पर पेंटिंग और सफाई का कार्य भी अंतिम चरण में है। मुख्यमंत्री के हेलीकॉप्टर के उतरने के लिए पुलिस लाइन ग्राउंड पर हेलीपैड तैयार किया गया है।मुख्यमंत्री के संभावित दौरे को देखते हुए पुलिस लाइन में जिलाधिकारी रविंद्र कुमार और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय ब्रीफिंग हुई। बैठक में जिले के सभी पुलिस अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। एसएसपी ने वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और कहीं भी भीड़ या जाम न होने के निर्देश दिए। सभी ड्यूटी प्वाइंट्स पर पुलिस कर्मियों को अधिकतम सतर्कता और अनुशासन के साथ तैनात करने पर जोर दिया गया।डीएम ने प्रशासन और पुलिस के बीच समन्वय बनाए रखने तथा सभी तैयारियों को समयबद्ध रूप से पूरा करने पर जोर दिया। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के दौरान कलेक्ट्रेट परिसर को नो-फ्लाइंग जोन घोषित किया गया है। कार्यक्रम स्थल के 5 किलोमीटर के दायरे में सभी प्रकार के ड्रोन संचालन पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा और आदेश का कड़ाई से पालन किया जाएगा।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

