०एमसीबी से राजधानी तक सीधी रेल सेवा मिलने पर व्यापारियों, छात्रों और मरीजों को होगा बड़ा लाभ
मनेन्द्रगढ़ ,13 जून (आरएनएस) । कोयलांचल क्षेत्र को राजधानी रायपुर से सीधे जोडऩे की मांग एक बार फिर जोर पकडऩे लगी है। युवक कांग्रेस जिलाध्यक्ष हफीज मेमन ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखकर चिरमिरी-बिलासपुर एक्सप्रेस (18258) का विस्तार रायपुर तक किए जाने की मांग की है।हफीज मेमन ने अपने पत्र में बताया कि चिरमिरी से चलने वाली यह ट्रेन सुबह करीब 4:30 से 5 बजे के बीच बिलासपुर पहुंचती है। इसके बाद ट्रेन के उसी रैक का उपयोग करते हुए इसे रायपुर तक संचालित किया जा सकता है। इससे यात्रियों को बिना किसी अतिरिक्त व्यवस्था के राजधानी तक सीधी रेल सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।उन्होंने कहा कि एमसीबी जिला और आसपास का कोयलांचल क्षेत्र व्यापार, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं के लिए काफी हद तक रायपुर पर निर्भर है। बड़ी संख्या में व्यापारी अपने व्यवसायिक कार्यों के लिए राजधानी जाते हैं, वहीं छात्र-छात्राएं उच्च शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए रायपुर का रुख करते हैं।हफीज मेमन ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में इस रेल सुविधा की सबसे अधिक आवश्यकता महसूस की जाती है। गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए मरीजों को रायपुर जाना पड़ता है, लेकिन सीधी ट्रेन नहीं होने के कारण उन्हें बिलासपुर में ट्रेन बदलनी पड़ती है या अन्य साधनों का सहारा लेना पड़ता है। इससे मरीजों और उनके परिजनों को समय और आर्थिक दोनों तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता है।युवक कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने रेल मंत्रालय से क्षेत्रवासियों की सुविधा, छात्र हित और आर्थिक गतिविधियों को ध्यान में रखते हुए चिरमिरी-बिलासपुर एक्सप्रेस को रायपुर तक विस्तार देने की मांग की है। उन्होंने उम्मीद जताई कि रेल मंत्रालय जनहित से जुड़े इस प्रस्ताव पर सकारात्मक निर्णय लेकर हजारों यात्रियों को राहत प्रदान करेगा।
०००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

