रायपुर, 19 जून 2026 (आरएनएस) राज्यपाल रमेन डेका से शुक्रवार को लोकभवन में सुप्रीम कोर्ट, नई दिल्ली में छत्तीसगढ़ शासन की स्टैंडिंग काउंसिल के रूप में कार्यरत युवा अधिवक्ता सुगंधा जैन ने सौजन्य भेंट की। इस दौरान राज्यपाल ने उनके विधि क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हासिल उपलब्धियों की सराहना करते हुए उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
सुगंधा जैन वर्तमान में एनसीईआरटी के अंतर्गत राष्ट्रीय शैक्षिक योजना एवं प्रशासन संस्थान (NIEPA) में बाहरी पॉश (POSH) प्रशिक्षक के रूप में भी अपनी सेवाएं दे रही हैं। उन्होंने वर्ष 2025 में ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय में आयोजित अंतरराष्ट्रीय मूट कोर्ट प्रतियोगिता में भारत की ओर से जज की भूमिका निभाने वाली पहली भारतीय बनकर देश और छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाया था।
लोकभवन में हुई इस सौजन्य मुलाकात के दौरान राज्यपाल ने उनकी उपलब्धियों की प्रशंसा करते हुए कहा कि युवा प्रतिभाएं देश की न्याय व्यवस्था और समाज के लिए प्रेरणा हैं। उन्होंने सुगंधा जैन को भविष्य में भी इसी तरह उत्कृष्ट कार्य करते रहने के लिए शुभकामनाएं दीं।

