अंबिकापुर, 19 जून (आरएनएस)। सरगुजा जिले की कोतवाली पुलिस ने गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के मामले में फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है। मामले में एक अन्य आरोपी को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी थी।
पुलिस के अनुसार मायापुर अंबिकापुर निवासी आकाश जायसवाल ने थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 16 मई 2026 को राहुल सिंह और विवेक उपाध्याय उर्फ गोलू पंडित ने उसका रास्ता रोककर मारपीट की थी। इस घटना की शिकायत दर्ज कराने के बाद 17 मई को जब वह अपने घर लौट रहा था, तब चांदनी चौक स्थित शास्त्री ऑटो के पास दोनों आरोपियों ने उसे फिर से रोक लिया।
आरोप है कि रिपोर्ट दर्ज कराने से नाराज आरोपियों ने प्रार्थी को अश्लील गालियां दीं, जान से मारने की धमकी दी और हाथ-मुक्कों, बेल्ट तथा लोहे की रॉड से मारपीट की। इस दौरान राहुल सिंह ने पीडि़त के हाथ में दांत से काट लिया, जिससे उसे कई जगह चोटें आईं।
शिकायत के आधार पर थाना कोतवाली में विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी राहुल सिंह को पहले ही गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया था। वहीं दूसरे आरोपी विवेक उपाध्याय उर्फ गोलू पंडित की तलाश लगातार जारी थी।
कोतवाली पुलिस ने फरार आरोपी विवेक उपाध्याय उर्फ गोलू पंडित (29 वर्ष), निवासी चांदनी चौक, मायापुर अंबिकापुर को गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
सरगुजा पुलिस ने बताया कि जिले में लंबित प्रकरणों के आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है और कानून व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
0

