०21 जून को डीपीआरसी परिसर में जुटेंगे हजारों योग साधक, विधायक लता उसेंडी होंगी मुख्य अतिथि
बीजापुर,19 जून (आरएनएस)। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 21 जून 2026 को जिला मुख्यालय बीजापुर में जिला स्तरीय योग दिवस कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया जाएगा। भारत सरकार के आयुष मंत्रालय एवं आयुष संचालनालय छत्तीसगढ़ के निर्देशानुसार आयोजित इस कार्यक्रम में जिले भर से जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, विद्यार्थी, सामाजिक संगठनों के सदस्य एवं आम नागरिक बड़ी संख्या में शामिल होंगे।जिला आयुष अधिकारी द्वारा जारी जानकारी के अनुसार कार्यक्रम का आयोजन जिला पंचायत संसाधन केंद्र (डीपीआरसी) परिसर, बीजापुर में प्रात: 6:30 बजे से 8:00 बजे तक किया जाएगा। राज्य शासन के सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी निर्देशों के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में माननीय विधायक सुश्री लता उसेंडी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। वे योग के महत्व पर अपने विचार व्यक्त करेंगी तथा सामूहिक योगाभ्यास में सहभागिता करेंगी।कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षित योग प्रशिक्षकों द्वारा सामान्य योग प्रोटोकॉल के अनुसार विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास कराया जाएगा। इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की थीम स्वस्थ आयु के लिए योग निर्धारित की गई है। थीम के अनुरूप नागरिकों को योग के माध्यम से स्वस्थ शरीर, संतुलित मन एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।जिला प्रशासन ने सभी जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों-कर्मचारियों, विद्यार्थियों, सामाजिक संगठनों तथा आम नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में सहभागिता करने की अपील की है। प्रशासन का मानना है कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो व्यक्ति को शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक रूप से सशक्त बनाकर स्वस्थ और सुखी जीवन की दिशा प्रदान करता है।21 जून को आयोजित होने वाला यह सामूहिक योग कार्यक्रम जिले में स्वास्थ्य जागरूकता, जनभागीदारी और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगा। कार्यक्रम में जिले भर से हजारों योग साधकों एवं नागरिकों के शामिल होने की संभावना है, जिससे अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन उत्साह और जनसहभागिता के साथ संपन्न होगा।
००००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

