० एकेपी फाइल के जरिए 3.74 लाख रुपये की ऑनलाइन ठगी, 17 एटीएम कार्ड और मोबाइल जब्त
बलौदाबाजार, 19 जून (आरएनएस)। सिटी कोतवाली बलौदाबाजार पुलिस एवं साइबर सेल की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए झारखंड के कुख्यात जामताड़ा साइबर ठगी गिरोह के एक शातिर सदस्य को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 17 एटीएम कार्ड और अपराध में प्रयुक्त एक मोबाइल फोन जब्त किया गया है।
पुलिस के अनुसार संजय कॉलोनी, बलौदाबाजार निवासी महेंद्र त्रिपाठी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 21 दिसंबर 2025 को उनके मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से संदेश प्राप्त हुआ था। इसके बाद भारतीय स्टेट बैंक की गार्डन चौक शाखा स्थित उनके खाते से अलग-अलग किश्तों में कुल 3 लाख 74 हजार रुपये की ऑनलाइन ठगी कर ली गई।
प्रार्थी की शिकायत पर थाना सिटी कोतवाली में अपराध क्रमांक 101/2026 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। विवेचना के दौरान बैंक खातों के लेन-देन और तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया गया। पुलिस ने पहले इस मामले में आरोपी लाल मोहम्मद अंसारी को झारखंड से गिरफ्तार किया था।
पुलिस रिमांड के दौरान पूछताछ में साइबर ठगी नेटवर्क के मुख्य अकाउंट मैनेजर एवं संचालक मोहम्मद मकरूद्दीन अंसारी की भूमिका सामने आई। जांच में पता चला कि गिरोह एपीके फाइल खरीदकर लोगों के मोबाइल फोन तक पहुंच बनाता था और उनके बैंक खातों से रकम निकालकर ठगी करता था।
इसके बाद सिटी कोतवाली और साइबर सेल की विशेष टीम ने कार्रवाई करते हुए जामताड़ा जिले के पारतोल निवासी मोहम्मद मकरूद्दीन अंसारी (39 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से विभिन्न बैंकों के 17 एटीएम कार्ड और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया।
पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। मामले में आगे की जांच जारी है तथा गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश की जा रही है।
इस कार्रवाई को पुलिस अधीक्षक ओ.पी. शर्मा के निर्देशन में सिटी कोतवाली बलौदाबाजार एवं साइबर सेल की संयुक्त टीम ने अंजाम दिया। पुलिस अधिकारियों ने इसे साइबर अपराध के विरुद्ध बड़ी सफलता बताया है।
०
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

