0-रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी एवं सांसद रुडी व सिग्रीवाल की उपस्थिति में छपरा-आनंद विहार एक्सप्रेस को दिखाई गई हरी झंडी
0-छपरा से आनंद विहार (दिल्ली) के लिए नई एक्सप्रेस रेल सेवा का शुभारंभ
0-रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव एवं मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी विशेष ट्रेन से पटना से छपरा पहुंचे
0-सांसद राजीव प्रताप रुडी ने कहा— यह ट्रेन क्षेत्र की आवश्यकता को देखते हुए मिला विशेष उपहार है
0-मुख्यमंत्री ने कहा, बिहार में एक लाख करोड़ रुपये से अधिक की रेल परियोजनाओं पर कार्य जारी
0-रेल मंत्री ने बताया, बिहार को अब प्रतिवर्ष लगभग 10,000 करोड़ रुपये का रेल बजट मिल रहा है
0-मढ़ौरा लोकोमोटिव फैक्ट्री का निरीक्षण एवं वहां निर्मित 51वें निर्यात लोकोमोटिव को हरी झंडी
0-बिहार में बुलेट ट्रेन, नई रेल लाइन, स्टेशन पुनर्विकास और आधुनिक रेल ढांचे के विस्तार की घोषणा
सारण, 19 जून (आरएनएस )। सारण और पूर्वांचल के लाखों रेल यात्रियों के लिए शुक्रवार का दिन ऐतिहासिक बन गया जब छपरा जंक्शन से नई छपरा-आनंद विहार एक्सप्रेस रेल सेवा का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर केंद्रीय रेल, सूचना एवं प्रसारण तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव, बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी तथा सारण सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री राजीव प्रताप रुडी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
रेल मंत्री और मुख्यमंत्री व सांसद रुडी विशेष ट्रेन से सोनपुर होते हुए छपरा पहुंचे। छपरा रेलवे स्टेशन पर बड़ी संख्या में उपस्थित लोगों ने अतिथियों का स्वागत किया। इसके बाद छपरा-आनंद विहार एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। साथ ही वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से मऊ-आनंद विहार एक्सप्रेस तथा दोहरीघाट-औडि़हार रेल सेवा के वाराणसी तक विस्तार का भी शुभारंभ किया गया। अपने संबोधन में सांसद राजीव प्रताप रुडी ने कहा कि यह रेल सेवा केवल एक ट्रेन नहीं, बल्कि सारण और पूर्वांचल की आकांक्षाओं को नई दिशा देने वाला कदम है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की आवश्यकता को समझते हुए रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बिना किसी औपचारिक मांग के यह महत्वपूर्ण रेल सेवा उपलब्ध कराई है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले वर्षों में सारण उत्तर बिहार के सबसे बड़े परिवहन, उद्योग और निवेश केंद्र के रूप में विकसित होगा। उन्होंने अंबिका गंगा पथ, नारायणी गंगा पथ, नए पुलों, रिंग रोड, एक्सप्रेस-वे, सैटेलाइट सिटी तथा प्रस्तावित अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे जैसी परियोजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि सारण में विकास का नया अध्याय लिखा जा रहा है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बिहार में आधारभूत संरचना के क्षेत्र में अभूतपूर्व परिवर्तन हो रहा है। उन्होंने बताया कि राज्य में एक लाख करोड़ रुपये से अधिक की रेल परियोजनाओं पर कार्य चल रहा है तथा सड़क, रेल, हवाई अड्डा और औद्योगिक विकास के माध्यम से बिहार को देश की विकास यात्रा में अग्रणी बनाने का प्रयास किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सारण जिला राज्य की अनेक महत्वाकांक्षी योजनाओं का केंद्र बन चुका है और आने वाले समय में यह क्षेत्र रोजगार एवं निवेश का प्रमुख केंद्र बनेगा।
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में रेलवे के आधुनिकीकरण और विस्तार को अभूतपूर्व गति मिली है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2014 से पहले बिहार को जहां लगभग 1,000 करोड़ रुपये का रेल बजट मिलता था, वहीं अब यह बढ़कर लगभग 10,000 करोड़ रुपये प्रतिवर्ष हो गया है। उन्होंने कहा कि बिहार में नई रेल लाइनें, दोहरीकरण, तीसरी और चौथी लाइन, स्टेशन पुनर्विकास, अमृत भारत और वंदे भारत ट्रेनों का विस्तार तेजी से हो रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि भविष्य में बिहार को बुलेट ट्रेन नेटवर्क से जोडऩे की दिशा में भी कार्य आगे बढ़ रहा है।कार्यक्रम के उपरांत रेल मंत्री, मुख्यमंत्री एवं सांसद राजीव प्रताप रुडी मढ़ौरा स्थित विश्वस्तरीय लोकोमोटिव निर्माण कारखाने पहुंचे, जहां उन्होंने संयंत्र का निरीक्षण किया। इस दौरान वहां निर्मित 51वें निर्यात लोकोमोटिव को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। नेताओं ने इसे बिहार की औद्योगिक क्षमता, स्थानीय रोजगार सृजन तथा ‘मेक इन इंडियाÓ अभियान की बड़ी सफलता बताया। इस अवसर पर छपरा विधायक छोटी कुमारी, तरैया विधायक जनक सिंह, सोनपुर विधायक विनय सिंह सहित सभी विधायक व जनप्रतिनिधि, रेलवे अधिकारियों, प्रशासनिक पदाधिकारियों तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों की उपस्थिति रही। कार्यक्रम के दौरान विकास, आधुनिक अवसंरचना और आत्मनिर्भर बिहार के संकल्प को लेकर उत्साह का वातावरण देखने को मिला।
००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

