जौनपुर,19 जून(आरएनएस)। जलालपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत नहोरा गांव में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसे में सई नदी में डूबने से दो किशोरियों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य किशोरी को गंभीर अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद गांव में मातम छा गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। नहोरा गांव की कुछ किशोरियां सई नदी के किनारे गई थीं। इसी दौरान नदी में नहाते समय तीन किशोरियां गहरे पानी में चली गईं और डूबने लगीं। आसपास मौजूद लोगों ने शोर सुनकर तत्काल बचाव का प्रयास किया तथा पुलिस को सूचना दी। स्थानीय लोगों की मदद से तीनों किशोरियों को नदी से बाहर निकाला गया और उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। चिकित्सकों ने जांच के बाद गुड़िया (17 वर्ष) और शिवांगी (17 वर्ष) को मृत घोषित कर दिया, जबकि तीसरी किशोरी का उपचार जारी है।घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्रीय प्रशासन के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।दो किशोरियों की असमय मौत से नहोरा गांव सहित आसपास के क्षेत्रों में शोक की लहर है। ग्रामीणों ने प्रशासन से नदी किनारे सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम करने की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
0

