भाटापारा,19 जून (आरएनएस)। जिले में संचालित समाधान सेल की सूचना एक बार फिर पुलिस के लिए कारगर साबित हुई। समाधान सेल में मिली सूचना के आधार पर भाटापारा शहर पुलिस ने अवैध शराब बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो शराब कोचियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 60 पाव देशी मसाला शराब (कीमत लगभग 6 हजार रुपये) तथा शराब परिवहन में प्रयुक्त बिना नंबर की मोटरसाइकिल जब्त की गई है।
पुलिस अधीक्षक ओ.पी. शर्मा के निर्देशन में 18 जून 2026 को थाना भाटापारा शहर पुलिस ने सुरखी रोड पुलिया एवं सिद्ध बाबा रोड माल धक्का के सामने घेराबंदी की। इस दौरान अवैध रूप से बिक्री के लिए शराब ले जा रहे दो आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ लिया गया।
पुलिस ने दोनों अलग-अलग मामलों में आरोपियों के कब्जे से कुल 60 पाव देशी मसाला शराब बरामद की। आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया गया और न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की गई।
गिरफ्तार आरोपी
चरण डहरिया (20 वर्ष), निवासी संत रविदास वार्ड, भाटापारा।
सागर उर्फ प्रियांशु चेलक (22 वर्ष), निवासी बघेल कॉलोनी, भाटापारा।
पुलिस ने बताया कि जिले में आमजन की शिकायतों और आपराधिक गतिविधियों पर त्वरित कार्रवाई के लिए समाधान सेल संचालित किया जा रहा है। नागरिक किसी भी प्रकार की शिकायत, सूचना या अपराध संबंधी जानकारी 94792 20392 पर कॉल या व्हाट्सएप के माध्यम से दे सकते हैं। पुलिस ने लोगों से अवैध गतिविधियों की सूचना देकर कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है।
०००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

