रुड़की,10 दिसंबर (आरएनएस)। आईआईटी रुड़की ने बुधवार को 2000 (2001 बी.आर्क.) बैच के सिल्वर जुबली रीयूनियन के अवसर पर एक यादगार आयोजन किया। तीन दिवसीय कार्यक्रम में 250 से अधिक पूर्व छात्र और उनके परिवार शामिल हुए। जिन्होंने पुरानी यादों, मित्रता और अपने अल्मा मेटर के प्रति नए संकल्प के साथ उत्सव मनाया। बैच ने संस्थान की प्रमुख पहलों-इंफ्रास्ट्रक्चर विकास, सांस्कृतिक उन्नयन और अन्य प्रभावशाली परियोजनाओं के लिए लगभग 3 करोड़ रुपये का योगदान दिया। आईआईटी रुड़की के निदेशक प्रो. केके पंत ने कहा कि हमारे पूर्व छात्रों और आईआईटी रुड़की के बीच संबंध हमेशा से हमारी शक्ति का आधार रहे हैं। हम अपने सभी पूर्व छात्रों का उनके निरंतर समर्थन के लिए हृदय से धन्यवाद करते हैं। जो हमें नई उपलब्धियां हासिल करने और वैश्विक प्रभाव स्थापित करने में सक्षम बनाता है। 2000 बैच ने अपने अल्मा मेटर के प्रति इस मजबूत संबंध का प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया है। संसाधन एवं पूर्व छात्र मामलों के कुलशासक प्रो. आरडी गर्ग ने कहा कि हमारे पूर्व छात्रों की उदारता और समर्पण वास्तव में सराहनीय है। उनका योगदान छात्रों के जीवन को लगातार परिवर्तित कर रहा है और आने वाली पीढिय़ों को नवाचार और उत्कृष्टता के अवसर प्रदान कर रहा है। बैच समन्वयकों अशुतोष सुवर्णा और सचिन बंसल ने पुरानी यादें साझा करते हुए कहा कि आईआईटी रुड़की हमारी पहचान का एक बड़ा हिस्सा है। इसने हमें वह बनाया है जो आज हम हैं। संस्थान लौटकर और अपनी ओर से योगदान देकर अत्यंत खुशी और गर्व का अनुभव हो रहा है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

