गोण्डा 11 दिसंबर। आगामी 13 दिसंबर को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के प्रचार-प्रसार के लिए
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के संयोजन में वाहन जागरुकता रैली का आयोजन किया गया। जनपद न्यायालय परिसर से जिला जज दुर्ग नरायन सिंह व प्रधान न्यायाधीश परिवार न्यायालय सुनीत कुमार ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। अपर जिला जज व जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव दानिश हसनैन ने बताया कि जिला न्यायालय के साथ ही करनैलगंज, तरबगंज व मनकापुर ग्राम न्यायालय में भी राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जा रहा है। जिसमें पक्षकार अपने वादों को आपसी सुलह-समझौते के आधार पर निस्तारित करा सकते हैं। लोक अदालत की प्रक्रिया अत्यंत सरल व सुगम है। इसमें आप सभी प्रकार से शमनीय आपराधिक मामले बैंक बाउस से संबंधित धारा 138 एनआईएक्ट, बैंक रिकवरी, मोटर दुर्घटना प्रतिकर वाद, बिजली, जल से संबंधित शमनीय दंडवाद, राजस्व वाद, सिविल वाद, वैवाहिक वादों को कानूनी जटिलता से दूर सरलता के साथ निपटा सकते हैं। रैली के आयोजन अवसर पर राष्ट्रीय लोक अदालत की नोडल अधिकारी अपर जिला जज नम्रता अग्रवाल, अपर जिला जज एसपी सिंह, अपर जिला निर्भय प्रकाश, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट अमित सिंह सहित सभी न्यायिक मजिस्ट्रेट, लीड बैंक मैनेजर विनोद तिवारी, उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक के राकेश कुमार सिंह व स्टेट बैंक के विवेक कुमार सहित न्यायालय कर्मचारी व पीएलवी उपस्थित रहे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

