नईदिल्ली ,12 दिसंबर (आरएनएस)। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शिवराज पाटिल के निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुख जताया है। उन्होंने पाटिल के साथ मुलाकात की तस्वीर साझा कर उन्हें एक अनुभवी नेता बताया। प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स पर लिखा कि पाटिल समाज के कल्याण में योगदान देने के लिए बहुत उत्सुक थे। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े और कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी समेत अन्य नेताओं ने भी उनके निधन पर दुख जताया है।
प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स पर लिखा, ‘शिवराज पाटिलजी के निधन से बहुत दुख हुआ। वह एक अनुभवी नेता थे, जिन्होंने अपने सार्वजनिक जीवन में विधायक, सांसद, केंद्रीय मंत्री, महाराष्ट्र विधानसभा और लोकसभा के स्पीकर के तौर पर काम किया। वह समाज के कल्याण में योगदान देने के लिए बहुत उत्सुक थे। पिछले कुछ सालों में मेरी उनसे कई बार बातचीत हुई, सबसे हाल में कुछ महीने पहले जब वह मेरे घर आए थे। मेरी संवेदनाएं उनके परिवार के साथ हैं।’
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने एक्स पर लिखा कि पूर्व केंद्रीय मंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता शिवराज पाटिल जी का निधन पार्टी के लिए एक अपूरणीय क्षति है। जनसेवा के प्रति उनका समर्पण, राष्ट्र के लिए उनके योगदान हमेशा याद किए जाएंगे। खडग़े ने एक्स पर लिखा कि पाटिल एक सम्मानित वरिष्ठ सहयोगी थे जिनके साथ मेरा गहरा रिश्ता था और कई अनमोल यादें जुड़ी थीं। उनका निधन कांग्रेस पार्टी और उन सभी लोगों के लिए एक बड़ी क्षति है।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, पूर्व केंद्रीय गृह मंत्री एवं पूर्व लोकसभा अध्यक्ष श्री शिवराज पाटिल जी के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है।
ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें। शोक-संतप्त परिजनों एवं शुभचिंतकों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं।
००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

