सोनभद्र,13 दिसंबर (आरएनएस)। सोनभद्र जिले के चोपन थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब सलखन ग्राम पंचायत के बैरहवा टोले में सोन पंप नहर में एक वृद्ध का शव तैरता हुआ मिला।स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी सूचना चोपन पुलिस को दी। सूचना पाकर प्रभारी निरीक्षक कुमुद शेखर सिंह और एसआई अभयनाथ यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों की मदद से शव को नहर से बाहर निकाला गया।शव की पहचान रामकुमार गोंड उर्फ गईता (लगभग 70 वर्ष) पुत्र इनरमन गोंड, निवासी बशहवा टोला, ग्राम पंचायत बेलच, थाना चोपन के रूप में हुई है। बेलच के ग्राम प्रधान श्याम नारायण गोंड ने भी मौके पर पहुंचकर मृतक की शिनाख्त की। उन्होंने बताया कि रामकुमार एक दिन पहले घर से लापता थे और परिजन उनकी लगातार तलाश कर रहे थे।स्थानीय लोगों ने आशंका जताई है कि सोन पंप नहर पार करते समय पुलिया से अनियंत्रित होकर गिरने से रामकुमार की पानी में डूबकर मौत हुई होगी।चोपन पुलिस ने शव का पंचनामा कर लिया है और उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा और आगे की कार्रवाई की जाएगी।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

