दतिया,13 दिसंबर (आरएनएस)। मध्यप्रदेश शासन के किसान कल्याण एवं कृषि विकास विभाग एवं जिला प्रभारी मंत्री एदल सिंह कंषाना की अध्यक्षता में आज जिला विकास सलाहकार समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के समग्र विकास कार्यों की समीक्षा की गई और विभिन्न विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।बैठक में प्रभारी मंत्री ने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ वास्तविक पात्रों तक पहुँचना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित की जाए। ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में अधोसंरचना, स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, पेयजल, सड़क निर्माण तथा रोजगार सृजन पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता बताई गई।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष रघुवीरशरण कुशवाहा, जिला कलेक्टर स्वप्निल वानखडे, पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार वर्मा, सीईओ जिला पंचायत दतिया अक्षय कुमार तेम्रवाल सहित जनप्रतिनिधि और विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।
प्रभारी मंत्री कंषाना ने अधिकारियों से जिले में चल रहे निर्माण कार्यों, प्रधानमंत्री आवास योजना, मनरेगा, स्वच्छ भारत मिशन, मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना, शिक्षा एवं स्वास्थ्य परियोजनाओं की प्रगति की जानकारी ली। बैठक के दौरान मंत्री कंसाना ने कहा कि जिले में हर नागरिक तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुँचाना हमारी प्राथमिकता है। उन्होंने जिलावासियों से अपील करते हुए कहा कि जनकल्याण योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में जनसहभागिता अत्यंत आवश्यक है।

