दतिया,13 दिसंबर (आरएनएस)। मध्यप्रदेश शासन के किसान कल्याण एवं कृषि विकास तथा जिले के प्रभारी मंत्री एदल सिंह कंसाना के मुख्य आतिथ्य में जिला प्रशासन द्वारा राज्य सरकार के कार्यकाल के दो वर्ष पूर्ण होने पर सरकार द्वारा किए गए उत्कृष्ट कार्यों की जानकारी जनसमुदाय तक पहुँचाने और आगामी तीन वर्षों की कार्ययोजना से मीडिया प्रतिनिधियों को अवगत कराने के उद्देश्य से आज शनिवार को नवीन संयुक्त कलेक्ट्रेट भवन में पत्रकारवार्ता का आयोजन किया गया। पत्रकार के दौरान भाजपा जिला अध्यक्ष रघुवीर कुशवाहा, कलेक्टर स्वप्निल वानखडे सहित विभिन्न मीडिया संस्थानों के प्रतिनिधि एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
पत्रकारवार्ता के दौरान प्रभारी मंत्री कंसाना ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में राज्य सरकार ने कृषि, सिंचाई, शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क विकास और जनकल्याण के क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की है। उन्होंने कहा कि आज मुझे अत्यंत खुशी हो रही है कि हम सब दतिया के सर्वांगीण विकास की दिशा में एक नए अध्याय के साक्षी बन रहे हैं। हमारे जिले में पिछले दो वर्षों में अनेक ऐतिहासिक कार्य हुए हैं, जो न केवल हमारी प्रशासनिक प्रतिबद्धता को दर्शाते हैं, बल्कि जनता की भागीदारी और सहयोग से दतिया को एक आदर्श जिला बनाने के हमारे संकल्प को भी सशक्त करते हैं।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि दतिया जिले में नव निर्मित एयरपोर्ट मिल का पत्थर साबित होकर विकास की नई गाथा लिखेगा। उन्होंने कहा कि दतिया में पीतांबरा शक्तिपीठ पर 45 करोड़ की लागत से भव्य विकास कार्य प्रगति पर हैं। साथ ही उनाव सूर्य मंदिर क्षेत्र का सौंदर्याकरण कार्य भी जारी है। इससे न केवल धार्मिक पर्यटन को प्रोत्साहन मिलेगा, बल्कि स्थानीय अर्थव्यवस्था भी सशक्त होगी। शहर विकास की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। किला चौक क्षेत्र अब प्रशासनिक, वाणिज्यिक और युवा गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनकर उभर रहा है। आर्थिक विकास की दिशा में ग्राम बडऩीकलां में 940 हेक्टेयर क्षेत्र में एक नया औद्योगिक क्षेत्र विकसित किया जा रहा है, जो रोजगार के नए अवसर खोलने वाला कदम है।
प्रभारी मंत्री कंसाना ने विकास का तीन वर्ष की कार्ययोजना के विषय में कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने, युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने, कृषि आधारित उद्योगों को बढ़ावा देने और जल-संरक्षण के नवाचारों को प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने कहा कि फसल बीमा योजना, प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना, मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना और प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने वाली अनेक पहलें सफलता पूर्वक क्रियान्वित की जा रही हैं।इसके अलावा खाद्य प्रसंस्करण इकाइयों की स्थापना, आधुनिक तकनीकी आधारित खेती, और किसान प्रशिक्षण कार्यक्रम भी आगामी योजनाओं का महत्वपूर्ण हिस्सा होंगे।
उन्होंने प्रेस वार्ता के अंत में कहा कि ये प्रयास केवल विकास के आँकड़े नहीं हैं यह हमारे जिले की नई पहचान, आत्मनिर्भरता और उज्जवल भविष्य की दिशा में बढ़ते कदम हैं। हम सब मिलकर यह संकल्प लें कि दतिया को शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और स्वच्छता के क्षेत्र में मध्यप्रदेश का अग्रणी जिला बनाएँगे।

