बिलासपुर 14 दिसम्बर 2025 (आरएनएस) गत शनिवार की शाम रतनपुर थाना क्षेत्र में एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। जोगी अमराई के पास मेन रोड पर तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने स्कूटी सवार युवती को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जमा हो गए। मृतका की पहचान जोगी अमराई निवासी खुशबू उर्फ पुष्पांजलि पाव (22 वर्ष), पिता धन्नू सिंह पाव के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि खुशबू स्कूटी क्रमांक CG 12 bf 4009 से शनिवार शाम ड्यूटी खत्म कर अपने घर लौट रही थी। इसी दौरान अज्ञात वाहन ने उसे चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवती ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही रतनपुर थाना की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मरच्यूरी भेज दिया और घटनास्थल का मुआयना किया। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि फरार वाहन और उसके चालक की पहचान की जा सके। परिजनों ने बताया कि खुशबू रतनपुर में ही एसबीआई कियोस्क सेंटर में कार्यरत थी और रोज की तरह शनिवार को भी ड्यूटी पूरी कर घर लौट रही थी। अचानक हुए इस हादसे से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल बना हुआ है। फिलहाल पुलिस अज्ञात वाहन चालक की तल जुटी हुई है और मामले की जांच जारी है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

