०छायाचित्र प्रदर्शनी, एलईडी स्क्रीन और कला जत्था में दिखी जनकल्याणकारी योजनाओं की झलक
०जनप्रतिनिधियों ने किया कार्यक्रम का शुभारंभ
सुकमा,13 जून (आरएनएस)। केंद्र ें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के सफल 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में शुक्रवार को सुकमा जिला मुख्यालय के बस स्टैंड पर एक भव्य तीन दिवसीय छायाचित्र और विकास प्रदर्शनी का शुभारंभ किया गया। इस विशेष कार्यक्रम का उद्घाटन नगरपालिका अध्यक्ष हुंगाराम मरकाम और वरिष्ठ जनप्रतिनिधि धनीराम बारसे की गरिमामयी उपस्थिति में हुआ। प्रदर्शनी का मुख्य उद्देश्य पिछले 12 वर्षों में सरकार द्वारा चलाई गई जनकल्याणकारी योजनाओं और देश में हुए ऐतिहासिक विकास कार्यों को जन-जन तक पहुंचाना है। इस दौरान एलईडी स्क्रीन और पारंपरिक कला जत्था के माध्यम से शासकीय योजनाओं का जीवंत और आकर्षक प्रचार-प्रसार भी किया गया, जिसे देखने के लिए स्थानीय नागरिकों की भारी भीड़ उमड़ रही है। इस अवसर पर जनसम्पर्क विभाग के द्वारा प्रकाशित शासकीय योजनाओं पर आधारित पुस्तकों का वितरण किया गया। इस तीन-दिवसीय प्रदर्शनी में डिजिटल इंडिया, वित्तीय समावेशन, महिला सशक्तिकरण और सामाजिक सुरक्षा जैसी बुनियादी प्राथमिकताओं को प्रमुखता से रेखांकित किया गया है। प्रदर्शनी में आकर्षक चित्रों और आंकड़ों के माध्यम से यह दर्शाया गया है कि कैसे प्रधानमंत्री जन धन योजना ने करोड़ों लोगों को बैंकिंग प्रणाली से जोड़ा, स्वच्छ भारत मिशन के तहत शौचालयों का निर्माण हुआ और प्रधानमंत्री आवास योजना ने गरीबों को पक्के मकानों का सपना पूरा किया। इसके अलावा, आयुष्मान भारत योजना के तहत मिल रहे मुफ्त इलाज और उज्ज्वला योजना से महिलाओं को धुएं से मिली मुक्ति जैसी उपलब्धियों को बेहद प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया है, जो सीधे तौर पर आम नागरिकों के जीवन में आए सकारात्मक बदलावों को बयां करती हैं।्रदर्शनी के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा विशेष स्टॉल भी लगाए गए हैं, जहाँ अधिकारी और कर्मचारी आम जनता को योजनाओं की विस्तृत जानकारी दे रहे हैं और उन्हें लाभ उठाने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। इस अवसर पर जिला पंचायत व नगरपालिका के पार्षदगण, स्थानीय जनप्रतिनिधि और मीडिया के प्रतिनिधि भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। जिला प्रशासन ने सुकमा के सभी नागरिकों से अपील की है कि वे इस तीन दिवसीय प्रदर्शनी का अवलोकन अवश्य करें, ताकि शासन की विभिन्न जनहितकारी योजनाओं को करीब से समझकर उनका पूरा लाभ उठा सकें। प्रदर्शनी के दौरान महिला आयोग सदस्य दीपिका सोरी, कलेक्टर अमित कुमार, जिला सीईओ मुकुन्द ठाकुर, डिप्टी कलेक्टर शबाब खान, पार्षदगण शोभन गन्दामी, रंजीत बारठ, रमेश कर्मा, अनिल सोड़ी, राजेंद्र गुप्ता, उर्मिला मंडावी, उपेंद्र नायक, दिलीप पेद्दी, रमाकांत नायक, संजय सोढ़ी सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे।
००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

