बिलासपुर 14 दिसम्बर 2025(आरएनएस) जिले में बड़े कोयला कारोबारियों के ठिकानों पर स्टेट जीएसटी विभाग की कार्रवाई लगातार दूसरे दिन भी जारी रही। विभाग की टीमों ने विनोद जैन, प्रशांत जैन और प्रवीण झा से जुड़े कोल कारोबार और कॉर्पोरेट दफ्तरों में दबिश दी। जानकारी के मुताबिक, 10 से अधिक जीएसटी टीमें एक साथ जिले के कई ठिकानों पर पहुंचीं। इस दौरान महावीर कोल वॉशरी, पारस पावर ग्रुप और फील ग्रुप के दफ्तरों में दस्तावेजों की गहन जांच की गई। जीएसटी की टीमें कोयले के स्टॉक, बिलिंग सिस्टम, टैक्स भुगतान और वित्तीय लेन-देन से जुड़े रिकॉर्ड खंगाल रही हैं। सूत्रों के अनुसार, कोयला कारोबार में टैक्स और वित्तीय अनियमितताओं की शिकायत मिलने के बाद यह कार्रवाई शुरू की गई है। बताया जा रहा है कि विनोद जैन का परिवार पहले भी राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा में रहा है, हालांकि जीएसटी विभाग का कहना है कि जांच पूरी तरह व्यावसायिक लेन-देन और टैक्स रिकॉर्ड तक सीमित है। यह कार्रवाई केवल बिलासपुर तक ही नहीं, बल्कि रायगढ़ और बलौदा बाजार समेत अन्य जिलों में भी चल रही है। अधिकारियों के मुताबिक, आने वाले दिनों में जांच का दायरा और बढ़ सकता है। इस छापेमारी से कोयला कारोबार से जुड़े व्यापारियों में हड़कंप मचा हुआ है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

