स्वच्छता व पर्यटन पर विशेष जोर
शिवरीनारायण 15 दिसंबर (2025) नगर पंचायत शिवरीनारायण में कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने शनिवार, 13 दिसंबर को टेंपल सिटी शिवरीनारायण के समग्र विकास एवं स्वच्छता को लेकर एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक ली। बैठक में नगर पंचायत शिवरीनारायण, खरौद सहित ग्राम पंचायत तुस्मा, दूरपा एवं कनस्दा के जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।कलेक्टर श्री महोबे द्वारा धार्मिक एवं पर्यटन महत्व वाले नगर शिवरीनारायण के विकास और स्वच्छता को लेकर लगातार समीक्षा की जा रही है। बैठक में जानकारी दी गई कि महानदी के घाटों के विकास, सौंदर्याकरण एवं पर्यटन की दृष्टि से कई महत्वपूर्ण कार्य प्रस्तावित हैं, जिनकी रूपरेखा लगभग तय कर ली गई है।उन्होंने कहा कि नगरवासियों के सहयोग और जागरूकता से ही शिवरीनारायण विकास की नई ऊँचाइयों को छू सकता है। स्वच्छता को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सिंगल यूज पॉलीथिन पर पूर्ण प्रतिबंध, प्लास्टिक डिस्पोजल के उपयोग पर रोक, डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण व्यवस्था को मजबूत करने तथा डस्टबिन रहित शिवरीनारायण की अवधारणा को आगे बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया।टेंपल सिटी की गरिमा को ध्यान में रखते हुए नगर के सुनियोजित विकास पर बल देते हुए कलेक्टर ने नौका विहार, वाटर स्पोर्ट्स, घाटों का सौंदर्याकरण, फूड जोन, पार्किंग व्यवस्था सहित अन्य पर्यटन सुविधाओं को व्यवस्थित रूप से विकसित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक के दौरान जनप्रतिनिधियों से विकास कार्यों में सक्रिय सहयोग करने तथा आम नागरिकों को स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने की अपील की गई।


















