दतिया 17 दिसंबर (आरएनएस)।कलेक्टर स्वप्निल वानखडे द्वारा आज 17 दिसंबर 2025 को बसई में आयोजित जनसुनवाई के दौरान ग्राम बसई निवासी आवेदिका श्रेया लखेरा पुत्री दिनेश लखेरा द्वारा शिकायत प्रस्तुत की गई थी कि संबंधित पटवारी श्री सत्येन्द्र शर्मा द्वारा अवैध नाली निर्माण के मामले में समय पर जांच एवं आवश्यक कार्रवाई नहीं की गई। शिकायतकर्ता ने बताया कि नाली निर्माण से आवागमन बाधित हो रहा है, जिसकी जानकारी पूर्व में भी राजस्व विभाग को दी गई थी, किंतु कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
जांच में यह भी पाया गया कि पटवारी सत्येन्द्र शर्मा द्वारा नियमित रूप से अपने हल्का क्षेत्र में उपस्थित न रहते हुए शासकीय दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही बरती गई। इससे किसानों एवं आम नागरिकों को प्रशासनिक समस्याओं का सामना करना पड़ा।
प्रथम दृष्टया शासकीय कार्य में घोर लापरवाही एवं कर्तव्यों के प्रति उदासीनता पाए जाने पर म.प्र. सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम 1966 के अंतर्गत अनुशासनात्मक कार्यवाही करते हुए अनुविभागीय अधिकारी दतिया संतोष कुमार तिवारी द्वारा पटवारी सत्येन्द्र शर्मा को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय तहसील कार्यालय दतिया ग्रामीण निर्धारित किया गया है।

