कोलकाता 18 दिसंबर(आरएनएस)। न्यू टाउन में इको पार्क के पास एक बांग्लादेशी बस्ती में भीषण अगलगी की घटना से हड़कंप मच गया तो अफरा तफरी भी मची। में आग लग गई। देखते ही देखते आग कुछ ही मिनटों में पूरी झुग्गी में फैल गई। स्थानीय लोगों के अनुसार उक्त बस्ती इलाके में सौ से ज्यादा झोपडिय़ां है। जैसे-जैसे आग फैलती गई एक के बाद एक झोपडिय़ां जलने लगीं। आग के कारण पूरा इलाका काले धुएं से ढक गया।
खबर के लिखे जाने तक झुग्गी में आग लगने की सही वजह अभी साफ नहीं हुई है। यह भी अंदाजा लगाया जा रहा है कि बस्ती में बड़ी मात्रा में बांस, तिरपाल और अन्य ज्वलनशील चीजें भी हो सकती हैं। स्थानीय लोगों ने बताया कि आग के बीच से धमाकों की आवाजे आ रही थी। ऐसे में धमाकों की आवाज से दहशत और बढ़ी। दमकल के 10 इंजन मौके पर पहुंच कर आग बुझाने का काम कर रहे थे। बताया जा रहा है कि भीड़भाड़ वाली सड़कों और झुग्गी के आस-पास के इलाके की वजह से फायर ब्रिगेड का काम मुश्किल हो रहा था। बहरहाल संतोष की बात तो यह है कि, किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है। झोपड़ी में रहने वाले लोगों को जल्दी से निकालने का इंतजाम किया गया है। उक्त खबर मिलते ही विधाननगर पुलिस कमिश्नर मुकेश कुमार मौके पर पहुंचे। चश्मदीदों का कहना है कि झोपड़ी के अंदर से गैस सिलेंडर फटने की आवाज आ रही थी। आग लगने को लेकर विपक्ष ने अभी से सवाल उठाने शुरू कर दिए हैं। भाजपा नेता सजल घोष ने आरोप लगाया कि, खाली जगह पर आग कैसे लगी? वहां रहने वाले पहले से ही बेघर हैं। क्या उस जगह पर किसी प्रमोटर का ध्यान नहीं गया? उन्हें लगता है कि वजह आगे पता चलेगी। वहीं विधाननगर नगरपालिका के चेयरमैन सब्यसाची दत्ता ने कहा कि उन्होंने पुलिस और फायर को फोन करके घटना की जानकारी दी। विपक्ष के आरोपों के बारे में सब्यसाची ने कहा, यह बस एक हादसा है। लोग अभी भी वहां रह रहे हैं। कोई जानबूझकर अपना घर नहीं जलाता।


















