देहरादून,20 दिसंबर (आरएनएस)। राजकीय दून मेडिकल कॉलेज में नेशनल मेडिकल ऑर्गेनाइजेशन एनएमओ की ओर से नूतन छात्र अभिनंदन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें एमबीबीएस के नवप्रवेशित छात्रों ने मरीजों की सेवा का संकल्प लिया और उनका स्वागत किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन और एनएमओ मंत्र से हुआ। निदेशक डॉ. अजय आर्य और प्राचार्य डॉ. गीता जैन ने नवागंतुक छात्रों को चिकित्सा पेशे की गरिमा और अनुशासन का पाठ पढ़ाया। समाज के प्रति डॉक्टरों की जिम्मेदारी को रेखांकित किया। ऑनलाइन जुड़े स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने भावी डॉक्टरों से राष्ट्रसेवा और नैतिक चिकित्सा अभ्यास को जीवन का मूल मंत्र बनाने का आह्वान किया। एनएमओ उत्तराखंड की सह सचिव डॉ. योगेश्वरी ने संगठन के कार्यों और इस अभिनंदन कार्यक्रम के बारे में विस्तार से जानकारी दी। सबसे भावुक और महत्वपूर्ण क्षण चरक शपथ का रहा। हिमांशु (बैच 23) के नेतृत्व में सभी नए छात्रों ने सेवा, समर्पण और ईमानदारी की शपथ ली। अंत में मिस्टर फ्रेशर (नव गौरव) और मिस फ्रेशर (नव गरिमा) के पुरस्कार बांटे गए, जिससे पूरा हॉल तालियों की गडग़ड़ाहट से गूंज उठा। समापन सामूहिक वंदे मातरम् के गायन के साथ हुआ। इस दौरान डॉ. प्रवीण मित्तल, डॉ. अभय कुमार, डॉ. राजीव कुशवाहा, डॉ. अनंत नारायण सिन्हा, डॉ. नीरज कुमार, डॉ. सुशील ओझा, डॉ. जॉली अग्रवाल, डॉ. शशि उप्रेती, डॉ. अंकिता, डॉ. रिचा और डॉ. दिव्यांशु, छात्र विंग से हिमांशु, अंजलि, कृष्णिका, आकाश, ज्योतिर, मानया, अंशिका, नवल, कनिष्क, नीतीश और प्रतीक आदि मौजूद रहे। वहीं अल्मोड़ा, श्रीनगर और हल्द्वानी के बैच-2025 के छात्र-छात्राएं और फैकल्टी भी ऑनलाइन जुड़े।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

