भोपाल 21 दिसंबर (आरएनएस)।देश की सुरक्षा में तैनात वीर जवानों और सुरक्षाबलों के सम्मान में रविवार को राजधानी भोपाल में राइड फॉर रेस्पेक्ट 2.0 का आयोजन किया गया। द ऑटोएडवाइजर और सलोनी ग्रामीण सोसाइटी के संयुक्त देखरेख में निकाली गई यह सामाजिक जागरूकता बाइक रैली ने राष्ट्रभक्ति, एकता और सम्मान का संदेश दिया।
रैली का शुभारंभ सुबह 8 बजे स्मार्ट सिटी क्षेत्र से हुआ, जो करीब 14 किलोमीटर का सफर तय करते हुए बोट क्लब पर संपन्न हुई। बड़ी संख्या में युवाओं, बाइक प्रेमियों और जागरूक नागरिकों ने इसमें भाग लिया। प्रतिभागियों ने हेलमेट पहनकर, अनुशासित ढंग से और यातायात नियमों का पालन करते हुए रैली में हिस्सा लिया।
आयोजकों ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य केवल एक रैली निकालना नहीं, बल्कि समाज में देशभक्ति, जिम्मेदार वाहन संचालन और सुरक्षाबलों के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करना है। रैली के दौरान वी सल्यूट आवर हीरोज रिस्पेक्ट द नेशन जैसे नारों और तिरंगे के साथ शहर की सड़कों पर देशप्रेम का माहौल दिखाई दिया। आयोजक टीम का कहना है कि राइड फॉर रिस्पेक्ट आने वाले समय में भी एक जनआंदोलन के रूप में आगे बढ़ेगा, ताकि नई पीढ़ी में राष्ट्र के प्रति सम्मान और जिम्मेदारी की भावना और मजबूत हो सके।

