देहरादून,22 दिसंबर (आरएनएस)। प्रदेश में विद्यालयों में चल रहे नशा उन्मूलन अभियान के तहत सोमवार को ग्लेक्शियन इंटरनेशनल स्कूल में एक व्यापक जागरूकता कार्यक्रम “युवा संवाद” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्र-छात्राओं को नशे के घातक प्रभावों से अवगत कराते हुए उन्हें एक स्वस्थ, सशक्त और जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करना था। कार्यक्रम में शिक्षाविद और राज्य मानसिक स्वास्थ्य प्राधिकरण के सदस्य ललित जोशी ने नशे के सामाजिक, शारीरिक और मानसिक दुष्प्रभावों के बारे में बताया। कहा कि जिस देश का युवा नशे की गिरफ्त में होता है, वह राष्ट्र कभी सशक्त और समृद्ध नहीं बन सकता। युवा शक्ति ही राष्ट्र की असली पूंजी है। उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि विदेशी शक्तियाँ योजनाबद्ध रूप से युवाओं को नशे की ओर ले जा रही हैं और अवैध नशे का कारोबार आतंकवाद की फंडिंग का माध्यम बन रहा है। उत्तराखण्ड पुलिस के उप निरीक्षक आशीष कुमार ने विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा, साइबर अपराध और सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग पर जानकारी दी। स्कूल प्रबंधक मयंक गौड़ ने युवाओं को व्यसन मुक्त जीवन जीने का संकल्प लेने की प्रेरणा दी। इस दौरान स्कूल के प्रबंध निदेशक मयंक गौड़, प्रधानाचार्य नीशा गौड़, उप प्रधानाचार्य इन्द्रा कार्की, प्रशासनिक अधिकारी संतोष नेगी, समन्वयक श्रद्धा छेत्री सहित 1000 से अधिक विद्यार्थी उपस्थित थे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

