कोटद्वार,22 दिसंबर (आरएनएस)। बरसात के दौरान क्षेत्र में होने वाले जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए नगर निगम द्वारा आधुनिक वाटर ड्रेनेज सिस्टम विकसित करने की दिशा में योजना तैयार की जा रही है। इस योजना का उद्देश्य वर्षा जल की त्वरित और सुचारु निकासी सुनिश्चित कर नागरिकों को जलभराव से राहत दिलाना है। इस संबंध में सोमवार को नगर निगम सभागार में आयोजित बैठक में महापौर शैलेंद्र सिंह रावत ने बताया कि परियोजना के अंतर्गत सबसे पहले डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार की जाएगी। डीपीआर निर्माण प्रक्रिया में जल निकासी से प्रभावित सभी वार्डों के पार्षदों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। महापौर ने कहा कि पार्षद अपने-अपने वार्डों में उन स्थानों की पहचान करेंगे, जहां जलभराव की समस्या गंभीर है। साथ ही यह भी प्रस्तावित किया जाएगा कि वर्षा जल की निकासी किस दिशा और किस मार्ग से की जानी चाहिए। इसके बाद नगर निगम द्वारा चयनित कंसलटेंसी एजेंसी मौके पर जाकर विस्तृत स्थल निरीक्षण करेगी। निरीक्षण के दौरान क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति, मौजूदा नालियों की क्षमता, जल प्रवाह की दिशा, जनसंख्या घनत्व और भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए एक तकनीकी रूप से मजबूत, व्यावहारिक और दीर्घकालिक ड्रेनेज सिस्टम का खाका तैयार किया जाएगा।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

