रायपुर , 24 दिसंबर (आरएनएस)। कांकेर जिले के अमाबेड़ा क्षेत्र में हुई हिंसा और कथित धर्म परिवर्तन के मामले के विरोध में विभिन्न सामाजिक संगठनों द्वारा आज छत्तीसगढ़ बंद का आह्वान किया गया है। बंद का असर राज्य के कई हिस्सों में सुबह से ही देखने को मिल रहा है।
राजधानी रायपुर सहित दुर्ग, जगदलपुर, अंबिकापुर और बिलासपुर में स्कूल, दुकानें और अधिकांश व्यावसायिक प्रतिष्ठान बंद हैं। रायपुर में हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता छत्तीसगढ़ चैंबर ऑफ कॉमर्स के सदस्यों के साथ मिलकर बंद को सफल बनाने में जुटे हुए हैं और व्यापारियों से अपनी दुकानें बंद रखने की अपील कर रहे हैं।
जगदलपुर, अंबिकापुर, दुर्ग और बिलासपुर में भी बाजारों में सन्नाटा पसरा हुआ है। अधिकांश निजी संस्थान और व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद हैं, जिससे सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ है।
इस बंद छत्तीसगढ़ चैंबर ऑफ कॉमर्स सहित राज्य के कई व्यापारिक, सामाजिक और धार्मिक संगठनों का समर्थन प्राप्त है। हालांकि, आवश्यक सेवाओं को बंद से अलग रखा गया है। अस्पताल, मेडिकल स्टोर और अन्य आपातकालीन सेवाएं सामान्य रूप से संचालित हो रही हैं।
००००

