0 फुंडहर चौक में आयोजित कार्यक्रम से जुड़ेंगे निकाय वर्चुवल रूप से
0 115 अटल निर्माण परिसर की लागत 46 करोड़ 87 लाख रूपए आई
रायपुर, 24 दिसंबर (आरएनएस)। देश के पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी बाजपेयी की स्मृति में उनके जन्मदिवस 25 दिसंबर 2024 को छत्तीसगढ़ के यशस्वी मुख्यमँत्री विष्णुदेव साय ने स्व. वाजपेयी की 101वीं जयंती के अवसर पर 115 अटल परिसरों के निर्माण के लिए एक साथ भूमि पूजन किया था।
देश में अटल जी ने अपने कार्यकाल में पोखरण में परमाणु विस्फोट एवं कारगिल युद्ध में भारत की विजय सहित स्वर्णीम चतुर्भूज मार्ग निर्माण योजना से गांव-गांव को पक्की सड़कों से जोड़ा। छत्तीसगढ़ के जन्मदाता अटल जी ने गांव, खेत, खलिहान और किसानों की उन्नति के लिए छत्तीसगढ़ राज्य का निर्माण किया। उक्ताशय के विचार उच्च विश्रामगृह में आयोजित पत्रकारवार्ता में उपमुख्यमंत्री एवं नगरीय निकाय मंत्री अरूण साव ने व्यक्त किए। अरूण साव ने पत्रकारवार्ता में बताया कि फुंडहर चौक में आयोजित कार्यक्रम में 25 दिसंबर को 12.30 बजे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप, गुरू खुसवंत साहेब, लोकसभा के सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक सुनील सोनी, राजेश मुणत, पुरंदर मिश्रा, मोतीलाल साहू, अनुज शर्मा, इन्द्रकुमार साहु एवं रायपुर की महापौर मीनल चौबे विशिष्ट अतिथि के आसंदी पर उपस्थित रहेंगे। साव ने बताया कि देश में पहली बार इतना बड़ा आयोजन रायपुर में हो रहा है। 115 अटल परिसर के निर्माण में 46 करोड़ 87 लाख रूपए की लागत आई है। इनमें 14 नगरनिगमों में 50 लाख, प्रदेश की 56 नगरपालिकाओं में प्रति नगरपालिका 30 लाख एवं 122 नगर पंचायतों में 20 लाख रूपए की लागत कुल 192 नगरीय निकायों में यह राशि व्यय की गई है। उन्होंने बताया कि विगत एक वर्ष में 60 नगर निकायों में से 3 नगरपालिक निगम, 25नगरपालिका परिषद एवं 32 नगरपंचायतों में परिसर का काम पूरा हो गया है जबकि 10 नगरपालिक निगम, 29 नगरपालिका एवं 76 नगरपंचायत में 27 करोड़ 91 लाख रूपए की लागत से परिसरों का निर्माण किया जा रहा है।
एस. शर्मा
0

