ओंकारेश्वर 24 दिसंबर (आरएनएस)।मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के बेटे डॉ. अभिमन्यु यादव और उनकी पत्नी डॉ. इशिता यादव ने नवविवाह के उपलक्ष्य में मां नर्मदा की पावन परिक्रमा करने का संकल्प लिया। तीर्थ नगरी ओंकारेश्वर के ब्रह्मपुरी घाट पर संत विवेक गुरुजी से आशीर्वाद लेने के बाद नवविवाहित जोड़े ने पारिवारिक शुभचिंतकों के साथ विधिवत पूजा-अर्चना कर यात्रा की शुरुआत की। इस धार्मिक यात्रा के माध्यम से दोनों ने न केवल नर्मदा जी के दर्शन किए बल्कि परंपरा और आस्था का पालन करते हुए जीवन में नई शुरुआत का प्रतीक भी स्थापित किया।
उल्लेखनीय है कि हाल ही में आयोजित सामूहिक विवाह सम्मेलन में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के बेटे डॉ. अभिमन्यु यादव का विवाह संपन्न हुआ था। विवाह उपरांत धार्मिक परंपराओं के निर्वहन के क्रम में अभिमन्यु यादव एवं डॉ. इशिता यादव ने मां नर्मदा की परिक्रमा प्रारंभ करने का संकल्प लिया। जिसे पूरा करने के लिए नवदंपति रवाना हुए।
इस अवसर पर पारिवारिक शुभचिंतकों ने नवदंपति को शुभकामनाएं दीं। चर्चा के दौरान अभिमन्यु और इशिता ने बताया कि धर्म में आस्था रखते हुए हमने यात्रा का संकल्प लिया है। मां नर्मदा के आशीर्वाद से इसे पूरा करने के लिए आगे बढ़ रहे हैं। इस यात्रा में नर्मदा जी को समझने का मौका मिलेगा।

