रतलाम 24 दिसंबर (आरएनएस)।रतलाम के व्यस्त दो बत्ती चौपाटी इलाके में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब नशे की हालत में एक युवती ने अपने साथी युवक के साथ मिलकर जमकर हंगामा किया। युवती ने ठेला संचालकों से न सिर्फ बदसलूकी की बल्कि हाथापाई और गाली-गलौज करते हुए उन्हें धमकाया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, नशे में धूत युवती अपने साथी युवक के साथ दो बत्ती चौपाटी पहुंची थी। यहां उसने ठेला लगाने वाले दुकानदारों से उलझना शुरू कर दिया। जब आसपास मौजूद लोगों ने उसे समझाने और रोकने की कोशिश की, तो युवती और अधिक उग्र हो गई और जमकर बवाल काटने लगी। इस दौरान ठेला संचालकों के साथ झूमाझटकी भी हुई।
युवती के हंगामे और विवाद को देखकर मौके पर बड़ी संख्या में लोग इक_ा हो गए। स्थिति बिगड़ती देख स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही स्टेशन रोड थाना पुलिस, महिला पुलिसकर्मियों के साथ मौके पर पहुंची और लोगों की मदद से युवती व उसके साथी को काबू में कर थाने ले जाया गया।
पुलिस थाने में एक ठेला संचालक की शिकायत पर युवती और उसके साथी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। स्टेशन रोड थाना पुलिस ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

