0-115 नगरीय निकायों में अटल प्रतिमाओं का लोकार्पण
0-अटल जी का जीवन राष्ट्रसेवा, सुशासन और समर्पण का अद्वितीय उदाहरण है : मुख्यमंत्री श्री साय
0-मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर दी श्रद्धांजलि
रायपुर 25 दिसंबर 2025/ राजधानी में आज छत्तीसगढ़ के निर्माता एवं भारत रत्न से सम्मानित स्व. अटल बिहारी वाजपेयी की 101 जयंती सुशासन दिवस के रूप में मनाई गई। इस अवसर पर मुख्यमंत्री, भाजपा कार्यालय तथा राजधानी में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया।

भारतीय जनता पार्टी रायपुर इकाई के अध्यक्ष रमेश ठाकुर ने बताया कि आज अटल जी के जन्म दिवस पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। जय स्तम्भ चौक में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। आजाद चौक थाना के सामने अटल की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया । इस अवसर पार्षद दीपक जायसवाल उपस्थित थे। मुख्यमंत्री ने आज 115 नगर निकायों में अटल प्रतिमाओं का वर्चुअल लोकार्पण किया गया। भाजपा कार्यालय मंत्री अशोक बजाज ने बताया कि भाजपा कार्यालय में स्व. अटल बिहारी वाजपेयी के जीवन और उसके कार्यों पर आधारित प्रदर्शन का उद्घाटन किया इस अवसर पर कार्यकर्ताओं को मुख्यमंत्री ने सम्बोधित किया। फुंडहर चौक में भी अटल प्रतिमा का लोकार्पण किया गया। राजधानी के अलावा विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों और भाजपा कार्यालयों में भी अटल की छायाचित्र पर माल्यार्पण किया गया तथा उनके जीवन पर प्रकाश डाला गया।
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने आज राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री श्री अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उनकी जयंती के अवसर पर विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि अटलजी का संपूर्ण जीवन राष्ट्रहित के लिए समर्पित रहा। लोकतांत्रिक मूल्यों के संरक्षण, सुशासन की स्थापना और जनकल्याण के व्यापक दृष्टिकोण के कारण वे देशवासियों के हृदय में सदैव अमर रहेंगे। वे केवल महान राजनेता ही नहीं, बल्कि संवेदनशील कवि, दूरदर्शी राजनेता और करुणा से भरे जननायक थे, जिन्होंने राजनीति को जनसेवा का सशक्त माध्यम बनाया।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि अटलजी के नेतृत्व में देश ने विकास, पारदर्शिता और सुशासन की नई दिशा प्राप्त की। उनका समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुँचाने का संकल्प आज भी हमारी शासन-नीति का केंद्रीय आधार है। यही भावना छत्तीसगढ़ सरकार के प्रत्येक कार्यक्रम, योजना और निर्णय का मार्गदर्शन करती है। मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ में सुशासन को सशक्त बनाने के लिए प्रशासनिक सुधार, पारदर्शी व्यवस्था, समयबद्ध सेवाओं की आपूर्ति और जनविश्वास की पुनस्र्थापना के प्रयास लगातार जारी हैं। यह यात्रा अटलजी के विचारों, आदर्शों और प्रेरणा से ऊर्जा प्राप्त करती है।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि वे अटल बिहारी वाजपेयी के आदर्शों—ईमानदारी, संवेदनशीलता, संवाद और समावेशी विकास—को अपने जीवन और कार्य में अपनाएँ तथा विकसित छत्तीसगढ़ और विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदार बनें। इस अवसर पर विधायक श्री किरण सिंह देव उपस्थित थे।
आर. शर्मा
००००

