शिवरीनारायण 25 दिसम्बर 2025(आरएनएस) आस्था एवं धर्म की पावन नगरी शिवरीनारायण में इन दिनों पर्यटन का नया रंग देखने को मिल रहा है। महानदी रिवर पर शुरू हुए नौका विहार का आनंद लेने के लिए हजारों की संख्या में श्रद्धालु एवं पर्यटक उमड़ पड़े हैं। महानदी तट पर स्थित प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर क्षेत्र, जिसे लोग प्यार से “मिनी गोवा” कह रहे हैं, वहां पर्यटकों की भारी भीड़ देखी जा रही है।
सुहावने मौसम, लहरों पर चलती नौकाओं और चारों ओर फैली हरियाली ने शिवरीनारायण को एक अलग ही पर्यटन पहचान दिला दी है। नौका विहार के दौरान महानदी की शांत धाराएं, दूर तक फैला जल विस्तार और प्राकृतिक नज़ारे लोगों को मंत्रमुग्ध कर रहे हैं। परिवार, युवा वर्ग एवं दूर-दराज़ से आए श्रद्धालु इस अनुभव को यादगार बना रहे हैं।
धार्मिक दर्शन के साथ-साथ पर्यटन का यह स्वरूप स्थानीय लोगों के लिए भी उत्साह का कारण बन रहा है। क्षेत्र में चहल-पहल बढ़ने से स्थानीय व्यापार, नाविकों एवं छोटे व्यवसायियों को भी आर्थिक लाभ मिल रहा है।
श्रद्धालुओं का कहना है कि शिवरीनारायण की धार्मिक महत्ता के साथ यदि इस प्रकार के पर्यटन विकास को बढ़ावा दिया जाए तो यह स्थल प्रदेश ही नहीं, बल्कि देशभर के पर्यटकों के लिए एक प्रमुख आकर्षण बन सकता है।
महानदी रिवर पर उमड़ा यह जनसैलाब स्पष्ट संकेत दे रहा है कि शिवरीनारायण अब केवल आस्था का केंद्र ही नहीं, बल्कि तेजी से उभरता हुआ पर्यटन स्थल भी बनता जा रहा है।


















