कोण्डागांव, 26 दिसंबर (आरएनएस)। खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के अंतर्गत कोण्डागांव जिले में धान खरीदी का कार्य पूरी तरह सुचारू एवं पारदर्शी ढंग से संचालित किया जा रहा है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देशानुसार जिला प्रशासन द्वारा किसानों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है और छत्तीसगढ़ शासन की कृषक हितैषी नीतियों और योजनाओं का लाभ दिलाया जा रहा है। शासन पंजीकृत किसानों की उपज की समयबद्ध खरीदी के लिए प्रतिबद्ध है और उठाव के लिए आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। धान खरीदी प्रक्रिया को पारदर्शी और सरल बनाने के लिए उपार्जन केन्द्रों में ऑनलाईन टोकन प्रणाली, इलेक्ट्रॉनिक तौल यंत्र, आद्रतामापी यंत्र सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं, जिससे किसानों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।अब तक 13 लाख 11 हजार क्विंटल से अधिक धान की खरीदीखाद्य अधिकारी नवीन श्रीवास्तव ने जानकारी देते हुए बताया कि शुक्रवार की स्थिति में जिले के उपार्जन केन्द्रों से कुल 13 लाख 11 हजार 451 क्विंटल धान का उपार्जन किया जा चुका है। जिले में सर्वाधिक धान खरीदी विश्रामपुरी उपार्जन केन्द्र में 39 हजार 888 क्विंटल हुई है। इसके अतिरिक्त बहीगांव में 39 हजार 706 क्विंटल, सलना में 36 हजार 863 क्विंटल, गम्हरी में 36 हजार 786 क्विंटल तथा अरण्डी में 34 हजार 465 क्विंटल धान की खरीदी की गई है।धान उठाव की प्रक्रिया भी सतत जारीधान खरीदी के साथ-साथ उठाव की प्रक्रिया भी प्रारंभ हो गई है। जिला प्रशासन द्वारा 10 मिलर्स के साथ अनुबंध किया गया है। खाद्य अधिकारी ने बताया कि अब तक जिले के उपार्जन केन्द्रों से 03 हजार 730 क्विंटल धान का उठाव किया जा चुका है। जिला प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया है कि जिले में धान खरीदी एवं उठाव की सुव्यवस्थित व्यवस्था की जा रही है। छत्तीसगढ़ शासन की पारदर्शी कार्यप्रणाली और किसानों के प्रति संवेदनशील दृष्टिकोण का लाभ किसानों को मिल रहा है और आगे भी मिलता रहेगा।
०००

