दतिया 26 दिसंबर (आरएनएस)। राष्ट्रीय प्राकृतिक खेती मिशन के अंतर्गत जिले में जैविक एवं प्राकृतिक उत्पादों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जैविक/प्राकृतिक हाट बाजार का शुभारंभ आज शुक्रवार को सिविल लाईन पर कलेक्टर स्वप्निल वानखड़े द्वारा किया गया। शुभारंभ अवसर पर कलेक्टर वानखड़े ने किसानों द्वारा प्राकृतिक खेती को अपनाकर उत्पादित फसलों, फल-सब्जियों एवं जैविक उत्पादों के विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन किया तथा किसानों से संवाद कर उत्पादों की जानकारी ली।
यह हाट बाजार सप्ताह में एक दिन आयोजित किया जाएगा, जिससे प्राकृतिक खेती करने वाले किसानों को अपने उत्पादों के लिए बेहतर बाजार उपलब्ध हो सकेगा तथा आमजन को रासायनिक मुक्त खेती एवं उसके लाभों के प्रति जागरूकता बढ़ेगी। हाट बाजार में अनाज, दालें, तिलहन, फल एवं सब्जियों सहित विभिन्न जैविक उत्पाद उपलब्ध कराए गए हैं।
हाट बाजार में पचोखरा से भोगीराम कुशवाहा, कटिली से संजू सिंह कुशवाहा, बसई से भगवती देवी, नरेटा से भगवान सिंह, झांसी से डॉ. विनोद शुक्ला तथा इंदरगढ़ निवासी शोभाराम कुशवाहा सहित अनेक किसानों ने अपने उत्पादों के स्टॉल लगाए।
किसान शोभाराम कुशवाहा ने बताया कि वे वर्ष 2018 से जैविक खेती कर रहे हैं। प्रारंभ में उन्होंने यह खेती अपने परिवार के लिए शुरू की थी, लेकिन इसके सकारात्मक परिणाम मिलने पर अब वे अपने उत्पादों को बाजार में भी विक्रय कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि उन्हें कृषि विज्ञान केंद्र के माध्यम से प्रशिक्षण प्राप्त हुआ तथा कृषि विभाग द्वारा प्राकृतिक खेती के लिए शैक्षणिक भ्रमण भी कराया गया। वर्तमान में वे लगभग 5 बीघा भूमि में प्राकृतिक खेती कर रहे हैं।
कार्यक्रम में कृषि विभाग, मत्स्य विभाग, उद्यानिकी विभाग एवं पशु चिकित्सा विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

