दतिया 26 दिसंबर (आरएनएस)। वीर बाल दिवस के उपलक्ष्य में आज कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभाशाली बच्चों को सम्मानित किया गया। यह आयोजन महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा किया गया।
कार्यक्रम में अपर कलेक्टर महेंद्र सिंह कवचे ने सहभागिता करते हुए कहा कि धर्म, न्याय और मानवता की रक्षा के लिए गुरु गोविंद सिंह जी के साहिबजादों ने अपना सर्वोच्च बलिदान दिया। उन्होंने कहा कि ऐसे महान साहिबजादे देश के प्रत्येक बच्चे के लिए प्रेरणास्रोत एवं आदर्श हैं।
अपर कलेक्टर कवचे ने बच्चों को प्रेरित करते हुए कहा कि वे सदैव सत्य और न्याय के मार्ग पर चलें तथा जिस प्रकार चारों साहिबजादों ने अपने समय की परिस्थितियों के अनुरूप साहसपूर्वक संघर्ष किया, उसी प्रकार आज के दौर में भी बच्चों को चुनौतियों का सामना हिम्मत और आत्मविश्वास के साथ करना चाहिए। कार्यक्रम के दौरान खेल एवं लेखन क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करने वाले बच्चों को अपर कलेक्टर कवचे द्वारा सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर जिला कार्यक्रम अधिकारी अरविंद उपाध्याय सहित विभागीय अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में बच्चे उपस्थित रहे।

