० राउत नाचा के विजेताओं को मिलेंगे 21 हजार, 29 दिसंबर को सजेगा छत्तीसगढ़ी सांस्कृतिक महोत्सव का भव्य मंच”
कोरबा 27 दिसम्बर (आरएनएस)। औद्योगिक नगरी दीपका की फिजा 29 दिसंबर को छत्तीसगढ़ी लोक संस्कृति के रंगों से सराबोर होगी। गौरव पथ संघर्ष समिति, दीपका के तत्वावधान में नगर पालिका स्थित प्रतीक्षा बस स्टैंड पर एक विशाल सांस्कृतिक महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इस महोत्सव में छत्तीसगढ़ की पारंपरिक लोक विधाओं का अनूठा संगम देखने को मिलेगा।
लोक नृत्यों के बीच होगी कड़ी प्रतिस्पर्धा
आयोजन का मुख्य आकर्षण छत्तीसगढ़ की माटी से जुड़ी लोकनृत्य प्रतियोगिताएं होंगी। इसमें राउत नाचा, सुवा नाचा, पंथी, कर्मा और गेंडी नाचा की टीमें अपनी कला का प्रदर्शन करेंगी। आयोजकों ने विजेताओं के लिए आकर्षक पुरस्कारों की घोषणा की है
राउत नाचा: प्रथम पुरस्कार 21,001, द्वितीय 9,001 और तृतीय 5,001।
सुवा एवं गेंडी नाचा: प्रथम पुरस्कार 11,001।
प्रोत्साहन: सभी प्रतिभागी दलों को सांत्वना पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा।
रैली और महाआरती से होगा शंखनाद
महोत्सव का शुभारंभ सुबह 10.30 बजे छत्तीसगढ़ महतारी की भव्य रैली के साथ होगा। इसके पश्चात दोपहर 2.00 बजे महाआरती का आयोजन किया जाएगा, जिसमें स्थानीय जनप्रतिनिधि, ग्रामीण और बड़ी संख्या में श्रमिक शामिल होंगे।
इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में छत्तीसगढिय़ा क्रांति सेना (गेवरा-दीपका-कुसमुंडा इकाई) सहित समस्त ड्राइवर एवं मजदूर संघ अपना विशेष सहयोग प्रदान कर रहे हैं। समिति ने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि वे इस ‘सांस्कृतिक महाकुंभÓ में शामिल होकर लोक परंपराओं के संरक्षण में अपना योगदान दें।
०००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

