लखनऊ,27 दिसंबर (आरएनएस)। राष्ट्रीय महिला आयोग के अंतर्गत संचालित प्री मैरिटल कम्युनिकेशन सेंटर का उद्घाटन शनिवार को लखनऊ स्थित आधारशिला संस्थान, राम विहार कॉलोनी, श्रवण नगर, बिजनौर रोड पर संपन्न हुआ। दोपहर दो बजे आयोजित इस कार्यक्रम में राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष बबीता चौहान ने केंद्र का विधिवत उद्घाटन किया। इस अवसर पर सामाजिक, शैक्षणिक और पुलिस प्रशासन से जुड़े लोगों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को विशेष महत्व प्रदान किया।उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष बबीता चौहान ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि विवाह से पूर्व परामर्श आज के समय की एक बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि प्री मैरिटल काउंसलिंग के माध्यम से कई वैवाहिक रिश्तों को टूटने से बचाया जा सकता है। यह प्रक्रिया युवाओं को एक-दूसरे को समझने, जिम्मेदारियों को स्वीकार करने और भावनात्मक परिपक्वता विकसित करने में मदद करती है। इससे वे वैवाहिक जीवन में सोच-समझकर और संतुलित दृष्टिकोण के साथ प्रवेश कर पाते हैं।उन्होंने यह भी कहा कि समाज में बढ़ते वैवाहिक तनाव और विवादों को देखते हुए ऐसे केंद्रों की भूमिका और भी महत्वपूर्ण हो जाती है। सही समय पर सही मार्गदर्शन मिलने से न केवल परिवार मजबूत होते हैं, बल्कि समाज में स्थिरता और सकारात्मकता भी बढ़ती है।कार्यक्रम में आधारशिला संस्थान के अध्यक्ष गोस्वामी शशांक भारती ने संस्थान की गतिविधियों और प्री मैरिटल कम्युनिकेशन सेंटर के उद्देश्य पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि यह केंद्र विवाह से पूर्व संवाद, समझ और आपसी सम्मान को बढ़ावा देने के लिए कार्य करेगा। इस दौरान काउंसलर आकांक्षा, काउंसलर अमित, प्रखर, सतेंद्र और आकाश भी मौजूद रहे, जिन्होंने केंद्र के माध्यम से युवाओं को दी जाने वाली सेवाओं की जानकारी साझा की।कार्यक्रम के दौरान मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत महिलाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा और सशक्तिकरण से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां भी दी गईं। इसी क्रम में थाना बिजनौर की ओर से मिशन शक्ति के तहत एक जागरूकता गोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसमें महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों, सुरक्षा उपायों और उपलब्ध सहायता तंत्र के बारे में विस्तार से बताया गया।इस जागरूकता कार्यक्रम में थाना बिजनौर से सब-इंस्पेक्टर आराधना वर्मा, सब-इंस्पेक्टर रामराज सिंह, महिला कांस्टेबल आकांक्षा अवस्थी, महिला कांस्टेबल पल्लवी शुक्ला, महिला कांस्टेबल मीना, हेड कांस्टेबल जितेंद्र तिवारी और कांस्टेबल मनोज कुमार उपस्थित रहे। पुलिस अधिकारियों ने महिलाओं से संवाद कर उन्हें आत्मविश्वास के साथ आगे बढऩे और किसी भी समस्या की स्थिति में मदद लेने के लिए प्रेरित किया।आधारशिला संस्थान द्वारा संचालित यह प्री मैरिटल कम्युनिकेशन सेंटर समाज में स्वस्थ, सशक्त और संतुलित वैवाहिक जीवन को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है। यह केंद्र न केवल युवाओं के लिए मार्गदर्शक बनेगा, बल्कि परिवार और समाज को मजबूत करने में भी अहम भूमिका निभाएगा।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

