० तरपोंगी के 42 विद्यार्थियों को नि:शुल्क चश्मे वितरित
रायपुर, 15 अप्रैल (आरएनएस)। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के क्षेत्रीय कार्यालय, रायपुर ने सामाजिक सरोकारों को सुदृढ़ करते हुए शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, तरपोंगी में विद्यार्थियों को नि:शुल्क पावर युक्त चश्मों का वितरण किया। यह पहल सड़क सुरक्षा अभियान के अंतर्गत की गई, जिसका उद्देश्य केवल सुरक्षित यातायात ही नहीं, बल्कि भावी पीढ़ी के समग्र विकास को भी सुनिश्चित करना है।
पूर्व में आयोजित नेत्र जांच शिविर के दौरान विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा कुल 517 विद्यार्थियों की आंखों की जांच की गई थी। जांच में 42 विद्यार्थियों की दृष्टि कमजोर पाई गई, जिन्हें उनकी आवश्यकता और निर्धारित पावर के अनुसार उच्च गुणवत्ता वाले चश्मे प्रदान किए गए।
इस अवसर पर राष्ट्रीय राजमार्ग अवसंरचना ट्रस्ट के सहयोग से आयोजित कार्यक्रम में क्षेत्रीय अधिकारी प्रदीप कुमार लाल ने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण का उद्देश्य केवल सड़कों का निर्माण करना नहीं, बल्कि उन सड़कों पर चलने वाली अगली पीढ़ी के सुरक्षित और उज्ज्वल भविष्य का निर्माण भी है। उन्होंने कहा कि बेहतर दृष्टि से सुसज्जित ये विद्यार्थी जीवन के हर मार्ग पर आत्मविश्वास और सुरक्षा के साथ आगे बढ़ सकेंगे।
कार्यक्रम में प्राधिकरण के अधिकारी एवं कर्मचारी, विद्यालय के शिक्षकगण तथा छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। यह पहल क्षेत्र में शिक्षा और स्वास्थ्य के समन्वित विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
०
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

