लखनऊ,27 दिसंबर (आरएनएस)। सिख धर्म के दसवें गुरु, महान योद्धा, समाज सुधारक और खालसा पंथ के संस्थापक गुरु गोविंद सिंह की जयंती के पावन अवसर पर उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री अजय राय ने प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर उन्होंने गुरु गोविंद सिंह के त्याग, बलिदान और समाज को दिए गए अमूल्य संदेशों को स्मरण करते हुए उनके आदर्शों को आत्मसात करने का आह्वान किया।जयंती के मौके पर अजय राय आशियाना, लखनऊ स्थित गुरुद्वारे पहुंचे, जहां उन्होंने श्रद्धा भाव से अरदास की। इसके पश्चात गुरुद्वारे में आयोजित लंगर में उन्होंने श्रद्धालुओं को स्वयं भोजन परोसकर सेवा की और बाद में लंगर का प्रसाद भी ग्रहण किया। इस दौरान गुरुद्वारे में श्रद्धा, सेवा और समर्पण का भाव देखने को मिला।अजय राय ने कहा कि गुरु गोविंद सिंह का जीवन त्याग, साहस और बलिदान की अनुपम मिसाल है। राष्ट्र और धर्म की रक्षा के लिए उनके द्वारा दिया गया योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा। उन्होंने समाज में व्याप्त अन्याय, अत्याचार और भेदभाव के खिलाफ संघर्ष कर समानता, साहस और आत्मसम्मान का संदेश दिया, जो आज भी उतना ही प्रासंगिक है।उन्होंने कहा कि खालसा पंथ की स्थापना कर गुरु गोविंद सिंह ने मानवता, भाईचारे और धर्म की रक्षा के लिए समाज में नई चेतना का संचार किया। उनका जीवन हमें सिखाता है कि सत्य और न्याय के मार्ग पर चलते हुए अन्याय के विरुद्ध डटकर खड़ा होना ही सच्ची श्रद्धांजलि है।अजय राय ने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि वे गुरु गोविंद सिंह के जीवन आदर्शों को अपनाएं, सत्य और न्याय के मार्ग पर चलें तथा समाज में सौहार्द, एकता और आपसी भाईचारे को मजबूत करने का संकल्प लें।इस अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी लखनऊ के अध्यक्ष रूद्र दमन सिंह बबलू, शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ शहजाद आलम, वरिष्ठ कांग्रेस नेता रमेश मिश्रा, सरदार रंजीत सिंह, ललन कुमार, शैलेन्द्र दीक्षित, बल्देव लाठी, निहारिक सिंह सहित कई कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

