जौनपुर,27 दिसंबर (आरएनएस)। पंचायत चुनाव के लिए वृहद मतदाता पुनरीक्षण के बाद आई अनंतिम मतदाता सूची में गडबडी सामने आई है, आलम यह है कि पिछली बार मतदान करने वाले लोगों का नाम हटा दिए गए हैं, जबकि मृत लोगों का नाम मतदाता सूची में शामिल किए गए हैं।आपत्ति जताने के लिए जब स्थानीय लोग बीएलओ से संपर्क कर रहे हैं, तो वह फॉर्म उपलब्ध न होने की बात कहकर वापस भेज दे रहे हैं। अनंतिम मतदाता सूची जारी होने के बाद जिले में 37 लाख 23 हजार 888 मतदाता हैं। इसमें महिला 19 लाख 66 हजार 213 व पुरुष मतदाता 17 लाख 57 हजार 675 हैं। मतदाता पुनरीक्षण में 6 लाख 79 हजार 759 मतदाता बढे हैं तो 5 लाख 75 हजार 889 मतदाताओं के नाम काट दिए गए हैं। 2021 में हुई पंचायत चुनाव की तुलना में इस बार एक लाख 3 हजार 870 मतदाताओं के नाम बढ़े हैं। मछलीशहर रू ग्राम पंचायत छाछो की प्रकाशित सूची में दो वर्ष पहले मृत उमाकांत का नाम क्रमांक 221 पर अंकित है। उसे बीएलओ ने हटाया नहीं, जबकि पिछले चुनाव में मतदान करने वाले मकान क्रमांक 170 के चार मतदाताओं अंकित, आशीष, राहुल, संदीप का नाम हटा दिए गए हैं।यह मामला तो एक बानगी है। हर ग्राम पंचायत में लोगों ने विसंगति होने की बात कही है। अधिकतर गावों में बृहस्पतिवार को बीएलओ द्वारा आपत्ति के लिए बूथ पर फॉर्म नहीं उपलब्ध होने की बात कही है।महराजगंज के नाहरपुर में मतदाता सूची में गंभीर अनियमितताएं सामने आई हैं। वर्तमान प्रधान नीतू देवी ने एसडीएम योगिता सिंह को प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया कि बीएलओ की ओर से 342 वोटरों के नाम काट दिए गए हैं। बीएलओ की ओर से अधिकतर मतदाताओं का घर जाकर सत्यापन नहीं किया, बल्कि केवल कुछ चुनिंदा लोगों से मिलकर मतदाता सूची में हेरफेर की गई। बीएलओ ग्राम पंचायत नाहरपुर के पडोसी गांव केवटली का निवासी है। इस संबंध में एसडीएम बदलापुर डॉ.योगिता सिंह ने खंड विकास अधिकारी महराजगंज दिनेश कुमार मौर्या व खंड शिक्षा अधिकारी महराजगंज को आवश्यक कार्रवाई का आदेश दिया है। बीडीओ दिनेश कुमार मौर्या ने बताया कि जिनका नाम कटा है वह 30 दिसंबर तक दावा कर सकते हैं, यदि गलत है तो आपत्ति लगा सकते हैं।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

