ठेकेदार-पेड़ मालिक पर केस
भदैया/सुल्तानपुर,27 दिसंबर (आरएनएस)। कोतवाली देहात के अलहदादपुर में छह हरे आम के पेड़ काटे जाने के मामले में देहात पुलिस ने शुक्रवार रात को मुकदमा दर्ज किया है। इस घटना को लेकर वन विभाग के अधिकारियों की कार्रवाई से लोग असंतुष्ट बताए जा रहे हैं। यह मामला प्रतापगंज पुलिस चौकी क्षेत्र के अलहदादपुर स्थित पूरे महोबशाह गांव का है। यहां प्रतिबंधित आम के छह पेड़ों का अवैध कटान कर उनकी लकडिय़ां बेच दी गईं। घटना के बाद पुलिस और वन विभाग की कथित सुस्ती पर सवाल उठ रहे हैं। दुबेपुर के वनरक्षक एवं बीट प्रभारी सौरभ यादव ने बताया कि उन्हें 26 दिसंबर को पेड़ कटान की सूचना मिली थी। वह अपने सहयोगी सेक्शन अधिकारी राहुल यादव के साथ दोपहर लगभग 12:50 बजे घटनास्थल पर पहुंचे। मौके पर पाया गया कि पेड़ों का अवैध कटान कर सभी लकडिय़ां हटाई जा चुकी थीं। ग्रामीणों से पूछताछ में सामने आया कि ये पेड़ आनंद कुमार पाण्डेय पुत्र स्वर्गीय अभिषेक प्रसाद पाण्डेय के थे। आरोप है कि उन्होंने ठेकेदार शीतला यादव पुत्र रामसरन यादव को ये पेड़ बेचे थे। दोनों पर आपसी मिलीभगत से प्रतिबंधित आम के पेड़ों का अवैध कटान कराने का आरोप है। वन विभाग ने वृक्ष स्वामी और ठेकेदार को मौके पर बुलाया, लेकिन दोनों ने आने से इनकार कर दिया और किसी भी प्रकार का मुआवजा देने से भी मना कर दिया। इसके बाद वन विभाग ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने के लिए कोतवाली देहात थाने में तहरीर दी। देहात कोतवाल धर्मवीर सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आवश्यक विधिक कार्यवाही की जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

